गुमशुदा तीन बच्चों को 24 घंटे में सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा
BOL PANIPAT : 2 जून 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस ने थाना चांदनी बाग क्षेत्र की एक कॉलोनी से गुमशुदा तीन बच्चों को 24 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद थाना चांदनी बाग क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा दिया है। इनमें दो सगें भाई बहने हैं। तीनों की उम्र 9 से 13 वर्ष के बीच है।
थाना चांदनी बाग में थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी एक महिला ने रविवार थाना में शिकायत देकर बताया कि उसका 13 वर्षीय बेटा व 9 वर्षीय बेटी 31 मई को शाम करीब 8 बजे घर से लापता हो गए। उन्होंने दोनों की अपने स्तर पर आसपास के स्थान पर व रिश्तेदारी में तलाश की जो अभी तक नहीं मिले।
इसी प्रकार थाना चांदनी बाग क्षेत्र की इसी कॉलोनी निवासी एक अन्य व्यक्ति ने रविवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 10 वर्षीय बेटा 31 मई को शाम करीब 8 बजे घर से लापता हो गया। उन्होंने बेटे की अपने स्तर पर आसपास के स्थान पर तलाश की जो अभी तक नहीं मिले। थाना चांदनी में शिकायतों पर दो अलग-अलग अभियोग दर्ज कर पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के संज्ञान में उक्त मामला आते ही उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत डीएसपी यातायात सुरेश कुमार सैनी के नेतृत्व में थाना चांदनी बाग की पांच व सीआईए की दो टीमें गठित कर बच्चों को ढूंढने की जिम्मेदारी सौंपी। गठित की पुलिस की उक्त सभी टीमें तुरंत एक साथ जिला में विभिन्न स्थानों पर बच्चों की तलाश में जुट गई। थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर व सीआईए की टीमों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को चैक करने के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित विभिन्न कालोनियों में सर्च किया। 24 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद थाना चांदनी बाग पुलिस ने सोमवार शाम को तीनों को थाना चांदनी बाग क्षेत्र में सेक्टर 11/12 मार्केट से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा।
गुमशुदा बच्चों को सकुशल देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इसके लिए पानीपत पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि नागरिकों की मदद करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पानीपत पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने व अपराध नियंत्रित के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वह अपने छोटे बच्चों का ध्यान रखें। छोटे बच्चों को घर के बाहर अकेला खेलने के लिए न छोड़ें। आमजन सामाज सेवी के रूप में काम करके पुलिस के साथ सहयोग करें। यदि गुमशुदा / बन्धक / शोषित व्यक्तियों/महिलाओं / बच्चों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को डायल 112 नंबर पर दें और उनके परिजनों की मुस्कान लौटाने में पुलिस को पूर्ण सहयोग करें।

Comments