फायरिंग कर युवक पर जानलेवा हमला करने के और तीन आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT, 04 अप्रैल: सीआईए वन पुलिस ने हथवाला गांव में युवक पर फायरिंग कर जानलेवा हमला व मारपीट करने के और तीन आरोपियों को मंगलवार शाम को आटा गांव से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान चुलकाना निवासी रवि उर्फ कमांडो, समालखा शास्त्री कॉलोनी निवासी सुमित उर्फ बांदरी और डिकाडला निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी हथवाला निवासी राहुल के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी सुमित व भूपेंद्र को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी रवि उर्फ कमांडो को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपी रवि उर्फ कमांडो का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, लूट व जानलेवा हमला करने के 7 मामले दर्ज है।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी राहुल ने पूछताछ में पुलिस को बताया था हत्या के एक मामले उसको व गांव निवासी नीरज को 20-20 साल की सजा हो चुकी है। वे दोनों माननीय उच्च न्यायालय से जमानत पर हैं। जेल में बंदी के दौरान नीरज के साथ उसकी कई बार कहासुनी हुई थी जिसके बाद से दोनों एक दूसरे से रंजिश रखने लगे थे। उसने यह बात चुलकाना निवासी अपने दोस्त रवि उर्फ कमांडो को बताई। 30 मार्च को रवि उर्फ कमांडो कार में तीन अन्य लड़कों को साथ लेकर हथवाला गांव में अंकित के घर आया। जहां वह कपिल उर्फ जोनी, अंकित, बंटी, मनोज विशाल व रामपाल पहले से ही मौजूद थे। सभी ने मिलकर नीरज को सबक सिखाने की पिस्तौल से जानलेवा हमला और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया।
यह है मामला :
थाना समालखा में हथवाला गांव निवासी रिंकू पुत्र सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 30 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी एक क्विड गाड़ी आई जो अंकित के घर के बाहर रूकी। गाड़ी में गांव निवासी राहुल, चुलकाना निवासी रवि उर्फ कमांडो व इनके दो तीन अन्य साथी थे। वे काफी देर तक बैठे रहे। कुछ देर बाद रवि उर्फ कमांडा व राहुल ने जान से मारने के लिए उस पर गोली चला दी। वह जान बचाकर घर के अंदर भागा। आवाज सुनकर भाई नीरज, कपिल और मोहित बाहर आए तो आरोपियों ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और गाड़ी सहित फरार हो गया। इसके बाद अंकित, कपिल उर्फ मोनी, बंटी, राहुल रामफल, मनोज व विशाल ने मिलकर लाठी डंडों से उन सभी पर हमला कर दिया। भाई नीरज ने बीच बचाव कराया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जाते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना समालखा में रिंकू की शिकायत पर बीएनएस की धारा 190,191(3),115(2), 109(1), 351(3) व आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments