Sunday, October 11, 2026
Newspaper and Magzine


सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह की आरोपी तीन महिलाएं गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 2, 2026 Tags: , , , , ,

चोरी किए दो गैस सिलेंडर, तिजौरी, बर्तन, चांदी की पाजेब, सिक्का व 11,700 रुपए की नकदी बरामद

इंसार बाजार में एक सूने मकान से नकदी, गहने व घरेलू सामान किया था चोरी

BOL PANIPAT , 02 अक्तूबर। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने इंसार बाजार में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफ़ाश कर वीरवार को गिरोह की तीन महिलाओं को काला आंब मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी महिलाओं की पहचान बलजीत नगर निवासी दिव्या व कोमल तथा फरीदपुर निवासी रेशमा के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपी महिलाओं ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी महिलाओं ने बताया कि वे कूड़ा बीनने का काम करती हैं। शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए तीनों ने मिलकर बीती 25 सितंबर की रात कूड़ा बीनने की आड़ में इंसार बाजार स्थित कंबल मार्केट में सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात व घरेलू सामान चोरी किया था।
पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने बताया कि चोरी की नकदी में से ज्यादातर पैसे उन्होंने खर्च कर दिए और दस्तावेज फाड़कर फैक दिए। वीरवार को तीनों आरोपी महिलाएं चोरी किए सामान को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में काला आंब मोड़ पर घूम रही थीं। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिलाओं के कब्जे से चोरी की नकदी में से बचे 11,700 रुपए, एक गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा, एक छोटा गैस सिलेंडर, पीतल-स्टील के बर्तन तथा चांदी की पाजेब व सिक्का बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपी महिलाओं को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

यह है मामला
थाना शहर में डालचंद पुत्र मिट्ठन लाल निवासी अमर भवन चौक ने शिकायत देकर बताया था कि वे तीन भाई हैं और अलग-अलग जगह पर रहते हैं। उनकी माता इंसार बाजार स्थित मकान में रहती थीं। माता पिछले करीब दो माह से बीमार होने के कारण उनके साथ रह रही थीं। इस कारण उनका मकान करीब दो माह से बंद था।
26 सितंबर को पड़ोसी ने फोन कर बताया कि मकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो मकान के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उसने अपने दोनों भाइयों को भी मौके पर बुलाया। जांच करने पर तिजोरी, दो गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा व बर्तन गायब मिले। तिजोरी में करीब 1 लाख रुपये की नकदी, जेवर व मकान की रजिस्ट्री रखी हुई थी।
अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर उक्त सामान चोरी कर ले गए। डालचंद की शिकायत पर थाना शहर में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments


Leave a Reply