तिरंगा झण्डा हमें आजादी का एहसास दिलाता है-उपायुक्त
BOL PANIPAT : 9 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की मुहिम को लेकर उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को कलंदर चौक के आसपास तिरंगे झण्डे वितरित करते हुए लोगों से आह्वान किया कि आज समूचा देश देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को जनसाधारण से पूरा सहयोग मिल रहा है। शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठन भी इस कार्य में बढचढ कर भाग ले रहे हैं। हम सबको हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा झण्डा लगाकर देशभक्ति की भावना को मजबूत और जागृत करना होगा ताकि हमारा देश भी मजबूत हो।
डीसी सुशील सारवान ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सम्मान देेने के लिए सभी की सहभागिता बहुत जरूरी है। आजादी की 75वीं वर्ष गाठ को ध्यान में रखते हुए विगत 15 अगस्त 2021 से इन कार्यक्रमों की शुरुआत की गई थी जिनमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य कार्यक्रम भी रखे जा रहे हैं। जगह-जगह तिरंगा रैलियों के साथ-साथ लोगों को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा झण्डा हमें आजादी का एहसास दिलाता है। इस मौके पर एसडीएम वीरेन्द्र ढूल के अलावा विभिन्न समाजसेवी उपस्थित रहे। स्थानीय वासियों ने उपायुक्त सुशील सारवान को पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत भी किया।

Comments