मोबाइल व नगदी लूट के दो आरोपी गिरफ्तार. मोबाइल व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद.
BOL PANIPAT : 18 जुलाई 2025, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने बराना रोड पर बबैल गांव के खेतों में बने कोठड़े की छत पर सो रहे युवक से मोबाइल व नगदी लूट करने के दो आरोपियों को वीरवार शाम को बाबरपुर मंडी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान करनाल जिले के जरीफाबाद गांव निवासी संदीप व मनीष उर्फ मीतू के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि उनकी टीम को वीरवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के दो युवक एक बाइक सवार होकर बाबरपुर मंडी के पास मोबाइल फोन बेचने के फिराक में घूम रहे है। मोबाइल चोरी का होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान संदीप पुत्र रमेश व मनीष उर्फ मीतू पुत्र सुमेरचंद निवासी जरीफाबाद करनाल के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने गांव निवासी अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर 21 जून की रात बराना रोड पर बबैल गांव के खेतों में बने एक कोठड़े की छत पर सो रहे युवक से लाठी, डंडों के बल पर मोबाइल फोन व 2800 रूपए लूट करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। लूट की उक्त वारदात बारे थाना सेक्टर 13/17 में बबैल गांव निवासी सागर पुत्र साहब सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह दोनों और वारदात में शामिल फरार उनका साथी आरोपी नशा करने के आदी है। तीनों आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए लूट की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने लूटी गई नगदी खर्च कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments