खेत में बने मकान से रेपर (तुड़ा बनाने की मशीन) चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार. मशीन बरामद.
BOL PANIPAT : 31 जुलाई 2025, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने नारायणा से डिडवाडी रोड पर खेतों में बने मकान से रेपर (तुड़ा बनाने की मशीन) चोरी करने के दो आरोपियों को बुधवार शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर डिडवाडी अड्डे से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान डिडवाडी निवासी बिजेंद्र व जयप्रकाश उर्फ जेपी के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गांव निवासी अपने साथी आरोपी विशाल के साथ मिलकर रेपर मशीन चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। मशीन चोरी की वारदात बारे थाना समालखा में डिडवाडी निवासी वेद सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
कहासुनी की रंजिश रख सबक सिखाने के लिए मशीन चोरी की
पूछताछ में आरोपी जयप्रकाश उर्फ जेपी ने पुलिस को बताया उसकी वेद सिंह के साथ 2 महीने पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उसने कहासुनी की रंजिश रख सबक सिखाने के लिए साथी आरोपी बिजेंद्र व विशाल के साथ मिलकर खेत में खड़ी वेद सिंह का रेपर (तुड़ा बनाने की मशीन) चोरी कर आर्थिक हानि पहुंचाने की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने एक पुराना ट्रैक्टर खरीदा।
27 मई को वे तीनों डिडवाडी से नारायणा रोड पर खेतों में बने मकान का ताला तोड़कर वेद सिंह का रेपर (तुड़ा बनाने की मशीन) चोरी कर ट्रैक्टर के पीछे बांधकर मुनक नहर झाल पर ले गए और वहा मशीन को नहर में डाल दिया। और इसके दो तीन दिन बाद ट्रैक्टर को वापिस बेच दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मशीन मुनक नहर से बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों का माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि चोरी की वारदात में शामिल इनका साथी आरोपी विशाल चोरी के अन्य मामले में पानीपत जेल में बंद है।
यह है मामला
थाना समालखा में गांव डिडवाडी निवासी वेद सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह खेती करता है। उसने नारायणा से डिडवाडी रोड पर नरेंद्र की 5 एकड़ जमीन दामों पर ली हुई है। खेत में मकान भी बना हुआ है। उसने अपनी तुड़ा बनाने की मशीन को मकान में खड़ा कर ताला लगा रखा था। 27 मई की रात अज्ञात चोर ताला तोड़कर मशीन को चोरी कर ले गए। थाना समालखा में वेद सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments