चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. 7 वारदातों का खुलासा.
चोरीशुदा 3 बाइक, एक एलईडी व 10 हजार रूपए बरामद
BOL PANIPAT : 02 जनवरी 2023, सीआईए थ्री पुलिस की टीम ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को काबू करने में कामयाबी हासिल की है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की 7 वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र सरूप सिंह निवासी खेड़ी गुज्जर गन्नौर हाल गांव लाठ व संदीप पुत्र जय भगवान निवासी लाठ सोनीपत के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया की आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तीन बाइक, एक एलईडी और 10 हजार रूपए की नगदी बरामद कर गहनता से पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम ने आज तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया की उनकी टीम सोमवार को गश्त के दौरान सनौली रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म के दो युवक एक प्लसर बाइक पर एलईडी लेकर संजय चौक की और से सनौली रोड होते हुए यूपी की तरफ जाएंगे। एलईडी चोरी की होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम ने तुरंत बलजीत नगर नाका पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात संजय चौक की और से एक प्लसर बाइक पर दो संदिग्ध किस्म के युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बाइक को नाके पर रूकवाकर दोनों आरोपी युवकों से पूछताछ की तो आरोपियों ने एलईडी व उक्त प्लसर बाइक दिसम्बर में आर.के पुरम में एक घर से चोरी करने बारे स्वीकारा। आरोपियों ने मकान से चोरी की 16750 रूपए की नगदी में से कुछ पैसे खाने पीने में खर्च कर दिए। आरोपियों के कब्जे से बची 10 हजार रूपए की नगदी बरामद की गई। चोरी की वारदात बारे थाना माडल टाउन में संदीप पुत्र चांद राम निवासी आर.के पुरम की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
इंस्पेक्टर अंकित ने बताया की गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी की दो वारदातों सहित, घर, आंगनवाड़ी केंद्र व खेतों में चोरी करने की कुल 7 वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदातों बारे थाना माडल टाउन, थाना औद्योगिक सेक्टर 29, थाना समालखा व थाना बापौली में मुकदमें दर्ज है। आरोपी बाइक चोरी कर बतरा कोलोनी में किराये के कमरे में छुपाकर खड़ी कर देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा एक स्पलेंडर व एक एचएफ डिलक्स बाइक बतरा कोलोनी में आरोपियों के किराये के कमरे से बरामद की गई।
इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ दोनों आरोपी नशा करने के आदी है। नशा खरीदने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। दोनों आरोपी चोरीशुदा बाइक पर सवार होकर सोमवार को बाइक व एलईडी को यूपी में बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को बलजीत नगर नाका पर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का पहले भी अपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी संदीप पर गोहाना व पानीपत में चोरी की वारदातों के 5 मुकदमें दर्ज है वही आरोपी मोहित पर पानीपत में चोरी की वारदातों के 12 मुकदमें दर्ज है। उक्त मामलों में दोनों आरोपी जेल में सजा काट चुके है।
आरोपियों से चोरी की निम्न वारदातों का खुलासा हुआ :
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 8 दिसम्बर की रात आरके पुरम में संदीप पुत्र चांद राम के घर से एक एलईडी, सोने की एक जोड़ी बाली, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, एक घड़ी, बर्तन, प्लसर बाइक व 16750 रूपए की नगदी चोरी की। थाना माडल टाउन में संदीप की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियो ने मिलकर 13 नवम्बर को संजय चौक के नजदीक फ्लाई ओवर पूल के नीचे से एक स्पलेंडर बाइक चोरी की। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में रवि पुत्र महिपाल निवासी बागपत यूपी हाल गांव आटा पानीपत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 29 अक्तूबर को किशनपुरा में शिव नगर की गली नंबर 4 से एक एचएफ डिलक्स बाइक चोरी की। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में दीपक निवासी सैनी कालोनी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियो ने मिलकर 5 दिसम्बर को गांव बिहौली में अनिल पुत्र धर्मबीर के खेत से लोहे के तीन पाइप चोरी की। थाना बापौली में अनिल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 22 दिसम्बर की रात गांव शिमला गुजरान में आंगवाड़ी केंद्र से एक गैस सिलेंडर चोरी किया। आंगनवाड़ी वर्कर अनीता पत्नी कर्मबीर निवासी शिमला गुजरान की शिकायत पर थाना बापौली में मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 22 दिसम्बर को गांव बुड़शाम निवासी सुखबीर पुत्र अमर सिंह के खेत में बने कोठड़े से गैस सिलेंडर चोरी किया। थाना समालखा में सुखबीर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 11 दिसम्बर की रात गांव डिकाडला में पानी की टंकी पर लगे ट्यूबवैल की तार चोरी की। ट्यूबवैल ऑपरेटर बलवान निवासी डिकाडला की शिकायत पर थाना समालखा में मुकदमा दर्ज है।

Comments