भैंस चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. चोरीशुदा दो भैंस बरामद.
BOL PANIPAT : 30 जनवरी 2024, सीआईए टू पुलिस की टीम ने अर्जुन नगर में डेरी से भैंस चोरी करने वाले दो आरोपियों को सोमवार देर शाम गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ बिल्ला व आर्यन निवासी भारत नगर के रूप में हुई।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया की उनकी टीम को सोमवार देर शाम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म के दो युवक डाहर गोल चक्कर के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दंबिश देकर दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान प्रिंस उर्फ बिल्ला पुत्र कर्मचंद व आर्यन पुत्र आजाद सिंह निवासी भारत नगर के रूप में बताई।
गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर 17 जनवरी की रात अर्जुन नगर में स्थित एक डेरी से दो भैंस चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक में मनीष पुत्र अशोक निवासी अर्जुन नगर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि आरोपियों ने डेरी से चोरी की भैंस सोनीपत के गांव जौली में अपनी रिश्तेदार के झूठ बोलकर बांधी हुई थी। आरोपियों ने रिश्तेदार को बताया था कि वह जल्द ही भैसों की डेरी करने वाले है। तब तक भैसों को अपने पास बांध ले। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा दोनों भैंस बरामद कर दोनों आरोपियों को मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments