Thursday, July 30, 2026
Newspaper and Magzine


बिजली की दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार रूपए, चोरी की मोटरों के पार्ट्स व वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 30, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT, 30 जुलाई : एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस टीम ने सनौली रोड स्थित मयूर स्वीट्स वाली गली में बिजली की दुकान से तांबे की तार व मोटरें चोरी करने वाले दो आरोपियों को बुधवार शाम सेक्टर 12 गंदा नाला पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बलजीत नगर निवासी दीपक तथा राजाखेड़ी निवासी राजाराम के रूप में हुई है।

एंटी व्हीकल थेफ्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि उनकी टीम को बुधवार शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक एक ई-रिक्शा में लोहे का सामान रखकर उसे बेचने की फिराक में बबैल नाका से गंदा नाला पटरी होते हुए ट्रक यूनियन की तरफ आ रहे हैं। सामान चोरी का होने की संभावना थी। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने सेक्टर 12 ग्रीन पार्क के पास गंदा नाला पुलिया पर नाकाबंदी कर ई-रिक्शा सवार दोनों युवकों को काबू किया।
पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान दीपक पुत्र महेंद्र निवासी बलजीत नगर तथा राजाराम पुत्र चंद्रभान निवासी राजाखेड़ी के रूप में बताई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने 24 जुलाई की रात सनौली रोड स्थित मयूर स्वीट्स वाली गली में एक बिजली की दुकान में रोशनदान के रास्ते अंदर घुसकर करीब 50 किलो तांबे की तार व 20 से अधिक छोटी-बड़ी मोटरें चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। चोरी की वारदात बारे थाना चांदनी बाग में विद्यानंद कॉलोनी निवासी सुनील पुत्र किरण पाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।

इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो दोनों ने मिलकर बिजली की दुकान में चोरी की। दुकान से चोरी की गई मोटरों से तांबे की तार निकालकर तथा चोरी की गई तांबे की तार राह चलते एक अज्ञात कबाड़ी को 30 हजार में बेचकर ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। दोनों आरोपी बुधवार को बचे हुए लोहे के सामान को ई-रिक्शा में रखकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बची 10 हजार रूपए की नकदी, चोरी की मोटरों के 70 छोटे-बड़े पार्ट्स तथा वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments


Leave a Reply