धोखाधड़ी कर एटीएम मशीन से पैसे चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार. मशीन में लोहे की पत्ती लगाकर करते थे धोखाधड़ी.
BOL PANIPAT : 27 जुलाई 2025 , पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए टू पुलिस टीम ने एटीएम मशीन से धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर आरोपियों को शनिवार शाम को चौटाला रोड से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों शातिर आरोपी यूपी के गाजियाबाद के लोनी के रहने है।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम को शनिवार शाम को गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के दो युवक एक स्कूटी पर सवार होकर सनौली रोड से चौटाला रोड होते हुए सिवाह जीटी रोड की तरफ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में आ रहे है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए चौटाला रोड पर पावर हाउस के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात सनौली रोड की और से दो युवक एक स्कूटी पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने नाका पर स्कूटी रूकवाकर युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान मोहम्मद आयान पुत्र मोहम्मद इमरान निवासी पूजा कॉलानी लोनी व आफताब अहमद पुत्र असलम अंसारी निवासी नरगदी बिजनौर हाल पूजा कॉलोनी लोनी गाजियाबाद यूपी के रूप में बताई।
गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर 22 जुलाई को आठ मरला चौक पर स्थित युनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ से धोखाधड़ी कर 3 हजार रूपए चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। उक्त वारदात बारे थाना माडल टाउन में जाटल रोड कश्यप नगर देशवाल चौक निवासी पंकज की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। दोनों आरोपी शनिवार को अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में पानीपत आ रहे थे।
मशीन में लोहे की पत्ती लगाकर करते थे धोखाधड़ी
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में शातिर आरोपियों से खुलासा हुआ वह एक विशेष तरिके से वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी एटीएम मशीन के कैश निकलने वाले स्लॉट में लोहे की पत्ती फिट कर देते थे। पत्ती लगने पर एटीएम मशीन से पैसे बाहर नहीं निकलते थे। पैसे निकालने आया ग्राहक पैसे न निकलने पर बूथ से बाहर निकल जाता, तब आरोपी एटीएम बूथ में जाकर लोहे की पत्ती को हटाकर पैसे निकाल लेते थे।
आरोपियों ने पानीपत एटीएम से निकाली 3 हजार की राशि में से कुछ पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 2200 रूपए व वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायायल में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
यह है मामला
थाना माडल टाउन में जाटल रोड कश्यप नगर देशवाल चौक निवासी पंकज पुत्र मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 22 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे अपने दादा का यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड लेकर 8 मरला चौक स्थित केनरा बैंक के एटीएम बूथ पर गया था। जहा उसने मशीन में कार्ड डालकर बैलेंस चेक किया तो खाते में 3 हजार रूपए बैलेंस था। इसके बाद उसने एटीएम मशीन में दोबारा से कार्ड डाल पैसे निकलने के लिए पासवर्ड डाला। मशीन से रसीद निकली पर पैसे नहीं निकले। वह एटीएम बूथ के बाहर निकलकर काफी देर तक पैसे निकलने का इंतजार करता रहा। पैसे नहीं निकले तो वह कुछ देर इंतजार करने के बाद घर चला गया। करीब आधे घंटे बाद वह उसी एटीएम पर दोबारा आया और पैसे निकालने की कोशिश की तो जीरो बैलेंस की रसीद निकली। उसके साथ धोखाधड़ी कर पैसे चोरी किए गए है। थाना माडल टाउन में पंकज की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।

Comments