पाइट की आइडिया लैब में हरियाणा की दो सौ बेटियों ने की सैटेलाइट प्रोग्रामिंग
-इसरो ने ट्रेनिंग के लिए पाइट को चुना, 12 स्कूलों की छात्राएं पहुंचीं
BOL PANIPAT – आजादी सैट 2.0 की तैयारी शुरू हो चुकी है। जिस तरह छात्राओं ने पहले आजादी सैट के लिए प्रोग्रामिंग की, ठीक उसी तरह दूसरे मिशन के लिए भी स्कूल की छात्राओं का ही चयन किया गया। हरियाणा के 12 स्कूलों की छात्राओं को पानीपत इंस्टीटयूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलोजी (पाइट) में ट्रेनिंग दी गई। इन छात्राओं ने सुबह से दोपहर तक इसरो व पाइट के विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद से सैटेलाइट प्रोग्रामिंग की। अब इन्हीं सैटेलाइट को लॉन्च किया जाएगा।
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) ने स्कूली बच्चों को स्पेस रिसर्च के प्रति आकर्षित करने के लिए पिछले वर्ष आजादी सैट मिशन का शुभारंभ किया था। छात्राओं ने सैटेलाइट बनाए, प्रोग्रामिंग की। पाइट के वाइस चेयरमैन राकेश तायल ने बताया कि स्पेस किडस इंडिया के माध्यम से यह सकारात्मक मुहिम शुरू हुई है। छात्राओं में बेहद उत्साह देखा गया है। पहला आजादी सैट श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया गया था। तब भी हरियाणा की बेटियों को पाइट से ही ट्रेनिंग दी गई थी। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने बेटियों को सम्मानित किया था। पाइट की आइडिया लैब में यह प्रोग्रामिंग की गई। हरियाणा की नोडल इंचार्ज डॉ.शक्ति अरोड़ा ने बताया कि इसरो द्वारा मुहैया कराई गईं किट पर काम किया गया। अब यही सैटेलाइट लॉन्च की जाएंगी। सभी प्रतिभागियों को पाइट की तरफ से प्रमाणपत्र दिए गए। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ.बीबी शर्मा, राजन सलूजा, अभिषेक शर्मा, नीरज, राजीव ढांडा, सतपाल मौजूद रहे।
इन स्कूलों की छात्राएं पहुंचीं
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल अंबाला, राजकीय मॉडल उच्च स्कूल चंडीगढ़, ब्राइट स्कॉलर पानीपत, राजकीय स्कूल समालखा, राजकीय स्कूल मॉडल टाउन, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल पानीपत, वंदना सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोनीपत, राजकीय कन्या स्कूल मनाना, कैब्रिज फील्ड ग्लोबल स्कूल पानीपत, राजकीय मॉडल स्कूल जीटी रोड पानीपत, पाइट संस्कृति स्कूल हुडा, पाइट संस्कृति स्कूल एनएफएल की छात्राओं ने प्रोग्रामिंग की।

Comments