Thursday, June 18, 2026
Newspaper and Magzine


महर्षि कश्यप राजकीय पॉलिटेक्निक, जाटल में दो नए रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रारम्भ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 18, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 18 जून। युवाओं को रोजगारोन्मुख एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महर्षि कश्यप राजकीय पॉलिटेक्निक, जाटल, पानीपत ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दो नए डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रारम्भ किए हैं। इनमें डिप्लोमा इन एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग तथा डिप्लोमा इन एपैरल डिजाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं।

संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा फैशन एवं परिधान उद्योग में प्रशिक्षित तकनीकी विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ये दोनों रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि डिप्लोमा इन एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन, हरित प्रौद्योगिकी तथा सतत विकास से संबंधित विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। इस पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण विभाग, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, जल एवं सीवरेज बोर्ड, ईटीपी/एसटीपी प्लांट, पर्यावरण परामर्श संस्थानों तथा ग्रीन बिल्डिंग सेक्टर में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

वहीं डिप्लोमा इन एपैरल डिजाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी के अंतर्गत फैशन डिजाइन, परिधान निर्माण, टेक्सटाइल तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण एवं उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस क्षेत्र में गारमेंट एवं टेक्सटाइल उद्योग, फैशन डिजाइन स्टूडियो, फैशन हाउस, रेडीमेड गारमेंट यूनिट्स, फैशन रिटेल, ई-कॉमर्स सेक्टर तथा स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि संस्थान में इन नए पाठ्यक्रमों के अतिरिक्त मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग तथा टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रवेश संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 6393096354, 7027809815 एवं 9896434341 पर संपर्क कर सकते हैं।

Comments


Leave a Reply