Monday, June 29, 2026
Newspaper and Magzine


नशा मुक्त अभियान के तहत महावटी व हलदाना गांव में पुलिस ने डोर टू डोर जाकर लोगों को नशे के खिलाफ किया जागरूक

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at June 29, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 29 जून : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने गांव महावटी व हलदाना में डोर टू डोर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

पुलिस टीम ने घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक तथा स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया कि नशे की लत व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित करती है। इससे न केवल व्यक्ति की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता कमजोर होती है, बल्कि उसका पारिवारिक और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। टीम ने लोगों को समझाया कि नशा अपराधों को भी बढ़ावा देता है और युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना सकता है।
पुलिस टीम द्वारा अभिभावकों को बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों को बताया कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने के लिए परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, उनके मित्रों और दिनचर्या की जानकारी रखें तथा उनके साथ खुलकर संवाद करें तो उन्हें गलत संगत और नशे की लत से बचाया जा सकता है।

अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता को कमजोर कर देता है, जिससे वह अपराध और अन्य गलत गतिविधियों की ओर आकर्षित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक नागरिक को नशा विरोधी अभियान में भागीदारी निभानी चाहिए और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना चाहिए।
डीएसपी प्रणय कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को नशा तस्करी या नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत MANAS टोल फ्री नंबर 1933 या अपने नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पानीपत पुलिस का यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments


Leave a Reply