सीईओ डॉ0 किरण सिंह के नेतृत्व में जिला परिषद अधिकारियों व कर्मचारियों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
वंदे मातरम के 150 वर्ष थीम पर 9 से 17 अगस्त तक जिले भर में आयोजित किया जा रहा है हर घर तिरंगा अभियान-2026
डॉ0 किरण सिंह ने जिला परिषद, ग्रामीण विकास व अन्य योजनाओं के स्टाफ संग तिरंगा रैली का किया आयोजन
ग्रामीण आंचल में बाईक साइकिल रैलियों, प्रदर्शनियों और तिरंगा लाइटिंग से छाया देशभक्ति का माहौल
BOL PANIPAT , 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर को भव्य रूप से मनाने हेतु भारत सरकार तथा राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार पानीपत जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 (09 से 17 अगस्त 2026) का क्रियान्वयन पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआईएस) के माध्यम से प्रभावी ढंग से जारी है। इस वर्ष के अभियान की मुख्य थीम वंदे मातरम के 150 वर्ष रखी गई है।
इसी श्रृंखला में वीरवार को जिला परिषद पानीपत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ0 किरण सिंह के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में जिला परिषद, ग्रामीण विकास विभाग तथा विभिन्न योजनाओं से जुड़े समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीईओ डॉ0 किरण सिंह ने बताया कि ग्रामीण और शहरी स्तर पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा समस्त खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही मुख्य गतिविधियां भव्य तिरंगा यात्रा एवं बाइक/साइकिल रैलियां, विद्यार्थियों के नेतृत्व में तिरंगा एवं वंदे मातरम प्रदर्शनियां, सरकारी भवनों एवं मुख्य चौराहों की त्रिआयामी (तिरंगा) सजावट इत्यादि करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण आंचल से लेकर जिला मुख्यालय तक देशभक्ति का संदेश पहुँचाने के लिए तिरंगा बाइक, साइकिल और ई-बाइक रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। ये यात्राएं ऐतिहासिक स्थलों, स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों और निर्धारित सेल्फी पाइंट्स से होकर गुजर रही हैं, जिससे जन-जन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का भाव प्रकट हो सके।
सीईओ डॉ0 किरण सिंह ने बताया कि खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रदर्शनियों में स्कूली विद्यार्थियों के नेतृत्व में वॉक थ्रो कराए जा रहे हैं, जहाँ छात्र अपने साथियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वाज, वंदे मातरम के इतिहास तथा भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले के प्रमुख सरकारी भवनों, अस्पतालों, स्कूलों, बस अड्डों और मुख्य चौराहों को केसरिया, सफेद और हरी दूधिया रोशनी (ट्रीकलर लाईटिंग) से सजाया जा रहा है। सीईओ डॉ0 किरण सिंह ने जिले के समस्त नागरिकों, युवाओं और ग्राम पंचायतों से भावुक अपील की है कि 15 अगस्त के इस पावन पर्व पर सभी नागरिक अपने-अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर गौरवपूर्वक तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रव्यापी अभियान को एक भव्य जन-उत्सव के रूप में मनाएं।

Comments