Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


मंडियों में किसानों से गेट पास पर ही पराली ना जलाने की अण्डरटेकिंग ली जाएगी : डीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 5, 2023 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 5 अक्टूबर। पराली जलाने की रोकथाम के लिए मंडियों में किसानों से गेट पास पर ही पराली ना जलाने की अण्डरटेकिंग ली जाएगी। इसके लिए उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने वीरवार को लघु सचिवालय में सभी मण्डी सचिवों की बैठक लेकर ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को लेकर सरकार बहुत सख्ती के साथ पहले से ही दिशानिर्देश जारी कर चुकी है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि पराली जलाने की घटनाएं ना हो।
उन्होंने कहा कि सभी मण्डी सचिव अपनी-अपनी मंडियों के सभी आढ़तियों से भी इस बारे बातचीत करें कि वे किसानों को इस बारे में जागरूक कर सकें। उन्होंने कहा कि आगामी एक-दो दिन में किसानों से ली जाने वाली अण्डरटेकिंग का प्रोफार्मा तैयार करवाकर इसे मण्डी के गेट पर सम्बंधित कर्मचारी को दिया जाए जिस पर किसान से पराली ना जलाने की अण्डरटेकिंग ली जा सके।
डीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पराली का मशीनों के माध्यम से प्रबंध करने पर प्रति एकड़ एक हजार रूपये की प्रोत्साहन  राशि देने का प्रावधान किया है। जिसके लिए 30 नवम्बर तक पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जो किसान धान की पराली के बण्डल स्ट्रा बेलर की मदद से बनाएग उस किसान को प्रति एकड़ एक हजार रूपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण एवं जनहित में किसान पराली में आग ना लगाए बल्कि उसका उचित प्रबंधन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सम्बंधित मंडियों में भी जाकर किसानों को जागरूक करें। इस मौके पर एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीएफएससी आदित्य कौशिक सहित सभी मण्डी सचिव मौजूद रहे।

Comments