सरकारी विभागों में पड़ा अनुपयोगी सामान होगा नीलाम: उपायुक्त डॉक्टर पंकज
-वित्त विभाग ने दिए निर्देश
-30 दिन में रिपोर्ट भेजने के आदेश
BOL PANIPAT , 11 सितंबर। हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी विभागों, बोर्डों और निगमों में वर्षों से पड़े अनुपयोगी और कबाड़ हो चुके सामान को तुरंत निपटाने के निर्देश दिए हैं। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आदेश जारी कर दिशा निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त डॉक्टर पंकज ने कहा है कि पुराने व बेकार पड़े सरकारी स्टोर न केवल मूल्यवान जगह घेरते हैं बल्कि सार्वजनिक धन का भी दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे में सभी विभाग प्रमुख तेजी और गंभीरता से इस प्रक्रिया को अंजाम दें।
उपायुक्त ने बताया कि संबंधित विभाग अनुपयोगी वस्तुओं की कंडेम्नेशन रिपोर्ट तैयार कर उसे निदेशालय आपूर्ति व निपटान को भेजनी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इसको लेकर उच्चाधिकारियों की स्वीकृति लेकर नीलामी/निपटान प्रक्रिया जल्द पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि 30 दिन के भीतर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट जमा करनी होगी और उसके बाद नियमित रूप से त्रैमासिक रिपोर्ट भी देनी होगी। उपायुक्त ने बताया कि अनुपयोगी सामान का समय पर निपटान न केवल जगह बचाएगा बल्कि सरकारी वित्तीय प्रबंधन को भी मजबूती देगा।

Comments