सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. पी.जी. कॉलेज की एनएसएस यूनिट द्वारा गांव खोतपुरा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिन का शुभारंभ स्वयंसेवकों द्वारा ‘वंदे मातरम’ के गायन और योगाभ्यास के साथ हुआ।
स्वयंसेवकों ने गांव में घर-घर जाकर साक्षरता अभियान चलाया। उन्होंने ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज के युग में साक्षर होना अनिवार्य है। इस दौरान स्वयंसेवकों ने उन ग्रामीणों को हस्ताक्षर करना सिखाया जिन्हें लिखना-पढ़ना नहीं आता था।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा, “साक्षरता अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के हर नागरिक को शिक्षित बनाना है। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे हम समाज और देश को प्रगति की राह पर ले जा सकते हैं। जब लोग अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझेंगे, तभी एक समृद्ध भारत का निर्माण होगा।”
साक्षरता अभियान के बाद स्वयंसेवकों ने गांव में “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” रैली निकाली । उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि गंदगी बीमारियों की जड़ है। बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए अपने आसपास सफाई रखना अत्यंत आवश्यक है।
शिविर के अगले चरण में स्वयंसेवकों ने खोतपुरा के सरकारी अस्पताल का दौरा किया। वहां डॉ. अरुण ने विद्यार्थियों को एड्स (AIDS) जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि:
-एचआईवी (HIV) वायरस शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को नष्ट कर देता है।
– संक्रमित सुई या उपकरणों का साझा इस्तेमाल कभी न करें।
– रक्तदान या रक्त आधान के समय पूरी सावधानी बरतें और नियमित जांच करवाएं।
सायं काल सत्र में स्वयंसेवकों ने खो खो, रस्सी कूद प्रतियोगिता में भाग लिया। उसके पश्चात सभी ने खोतपुरा वासियों के साथ मिलकर देश भक्ति गीत गाए।

Comments