विद्यार्थियों के लिए प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी.स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सक्रिय मेधा फाउंडेशन के अन्तर्गत सत्र 2023-24 में टैब सर्टिफिकेट कोर्स सम्पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘अंकुरण’ प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम महाविद्यालय की प्लेसमेंट एवं गाइडेंस इकाई व मेधा के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ ।कार्यक्रम में 113 छात्र-छात्राओं ने प्रमाणपत्र प्राप्त किए।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार गर्ग ने मुख्य अतिथि महक छाबड़ा को तुलसी का पौधा भेंट करके किया । प्राचार्य डॉ गर्ग ने छात्रों को उनके कठिन परिश्रम और समर्पण के लिए बधाई दी और साथ ही अपनी क्षमताओं को बढाकर प्रतिस्पर्धा हेतु सज्ज होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मेधा लर्निंग फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होते हैं। मुख्य अतिथि महक छाबड़ा ने भी मेधा के निरन्तर प्रयासों व विद्यार्थियों पर होने वाले उनके सुखद परिणामों की प्रशंसा की व इस प्रकार के कार्यक्रमों की निरंतरता की अपेक्षा करते हुए मेधा प्रतिनिधि शाहिद अली को साधुवाद दिया। प्लेसमेंट व गाइडेंस इकाई की संयोजक डॉ अर्पणा गर्ग ने कहा कि ये कोर्स छात्रों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करते हैं, इनमें छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिकल नॉलेज भी प्रदान करते हैं तथा कोर्स पूरा करने पर छात्रों को सर्टिफिकेट मिलता है, जो उनके रिज्यूमे को मजबूत करता है और उन्हें नौकरी पाने में मदद करता है।मेधा प्रतिनिधि शाहिद अली ने अपने संबोधन में छात्रों को उनके कौशल विकास के लिए फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे इन कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने करियर में सफलता प्राप्त करें।अभ्यागतों के मनोरंजन के लिए विद्यार्थियों द्वारा नृत्यक्रीडादि की प्रस्तुति की गई।प्रमाणपत्र वितरण के दौरान, छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार इस संस्था व महाविद्यालय के सहयोग से उन्होंने अपने कौशल को निखारा और नए अवसरों की तलाश की, उन्होंने इस कोर्स को प्रेरक, विचार परिवर्तक व जीवन निर्माता के रूप में प्रस्तुत किया।मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया ।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।कार्यक्रम को सफल-सुचारू-संयोजित बनाने व अनुशासनबद्ध रखने में डॉ निधान सिंह, डॉ स्वाति पूनिया व डॉ अंजलि ने मुख्य भूमिका निभाई।

Comments