पीआरपीसी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का शुभारंभ.
BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में 27 अक्टूबर 2025 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियाँ और कार्यक्रम होंगे। यह आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग की थीम “सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी” के अनुरूप है, जो एक भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण में नागरिकों की सामूहिक भूमिका को रेखांकित करता है।
उद्घाटन समारोह ईडी एंड आरएच कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख ने की। इस अवसर पर अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप), वरिष्ठ अधिकारी तथा इंडियन ऑइल ऑफिसर्स असोसिएसन और आईपीआरईयू के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। एम. एल. डहरिया ने इस अवसर पर ईमानदारी की शपथ दिलाई और कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन एक साझा मिशन है, जिसके लिए प्रत्येक व्यक्ति में ईमानदारी, प्रतिबद्धता और पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सतर्कता केवल अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो जागरूकता और आत्म-अनुशासन पर आधारित है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में गौतम प्रिया, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) ने स्वागत भाषण दिया। उनके साथ अर्शद हुसैन, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) और चेतन कांबले, वरिष्ठ प्रबंधक भी उपस्थित थे। इस अवसर पर भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के संदेशों के साथ-साथ इंडियनऑयल के चेयरमैन और मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेश भी साझा किए गए, जिन्होंने कर्मचारियों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त संगठन के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान “आईना” शीर्षक से एक लघु फिल्म भी जारी की गई, जिसका निर्देशन नवज्योति बोरा , मुख्य महाप्रबंधक ने किया था। यह फिल्म ईमानदारी और नैतिक आचरण के महत्व को उजागर करती है। इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने इस वर्ष की सतर्कता थीम पर आधारित द्विभाषी पोस्टर जारी किए और समुदाय में सतर्कता जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “सतर्कता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Comments