पीआरपीसी के पानीपत नेफ्था क्रैकर में ऑन-साइट आपदा ड्रिल का आयोजन
BOL PANIPAT :- 23 जून, 2025 ,पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) द्वारा आग एवं गैस जैसे खतरे से निपटने के लिए दिनांक 20 जून, 2025 को पानीपत नेफ्था क्रैकर में विभिन्न विभागों के द्वारा ईथीलीन रिसाव और आग के खतरे से निपटने की तैयारियों के सही आकलन करने हेतु एक ऑनसाइट आपदा ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस ड्रिल के परिदृश्य में फिल्टर के फ्लैंज से ईथीलीन रिसाव तथा आग लगना दर्शाया गया। रात्रि 23:11 बजे एमईजी से ईथीलीन रिसाव की सूचना प्राप्त हुई। ईथीलीन रिसाव की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ तुरंत साइट पर पहुँचीं और ईथीलीन रिसाव पर काबू पाने के लिए श्वास यंत्र पहनकर वाटर स्प्रे के माध्यम से आपातकालीन नियंत्रण कार्य शुरू किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 23:21 बजे अग्नि एवं सुरक्षा प्रभारी ने क्रैकर शिफ्ट मैनेजर से चर्चा करके आपातकालीन सायरन एल-1 बजाने का आदेश दिया। 23:29 बजे प्रोपलीन रिसाव तेजी से बढ़ने लगा। इस दौरान पास के एक अज्ञात स्रोत से ईथीलीन गैस प्रज्वलित हो गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में विस्फोट हुआ और कई जगह आग लग गई।
रिसाव व आग की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक, पीएनसी ने एम.एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी से संपर्क किया और इस घटना को एल-2 आपदा घोषित कर दिया। ईथीलीन रिसाव रोकने के लिए फिल्टर के इनलेट तथा आउटलेट वाल्व बंद किए गए। आसपास के उपकरणों में लगी आग को फोम तथा डीसीपी से बुझाया गया। इसके बाद फ्लैंज गैस्केट को मैकेनिकल टीम द्वारा बदल दिया गया।
अंत में, एम.एल. डहरिया ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया और लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के उपरांत ठीक 00:05 बजे स्थिति पर पूर्ण रूप से नियंत्रण प्राप्त कर स्थिति सामान्य होने की घोषणा की।
इस आपदा ड्रिल के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा एम.एल. डहरिया तथा संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।एम.एल. डहरिया ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना करते हुए इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी दिए।

Comments