Sunday, May 31, 2026
Newspaper and Magzine


यूथ वीरांगनाएं संस्था ने 120 महिलाओं को दिए प्रशिक्षण प्रमाण पत्र ।

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at December 23, 2025 Tags: , , ,

 BOL PANIPAT : महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यूथ वीरांगनाए संस्था द्वारा शनिवार को एसडी स्कूल के सभागार में कौशल विकास कार्यक्रम के तहत सर्टिफिकेट वितरण समारोह का धूमधाम से आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक प्रमोद बंसल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। संस्था की अध्यक्षा बृज बाला ने बताया कि संस्था द्वारा संचालित इस कौशल विकास अभियान के अंतर्गत सिलाई कला एवं पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 120 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इन महिलाओं ने न केवल प्रशिक्षण अवधि के दौरान अपनी कड़ी मेहनत से सभी को प्रभावित किया, बल्कि समारोह के दौरान स्वयं द्वारा तैयार की गई मनमोहक ड्रेस डिजाइन और मेकअप प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता का शानदार परिचय दिया। यह प्रदर्शन दर्शकों के बीच खासा सराहनीय रहा और तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल की प्रधानाचार्या रेखा शर्मा तथा विशेष अतिथियों में पार्षद अंजलि शर्मा, पार्षद अमित नारंग, डॉ. तनुजा वर्मा, मेघना जैन, मंजू, सपना सेतिया, गुरप्रीत कौर, रितु अरोड़ा, दिव्या आर्या, प्रोफेसर स्माइली, जोगिंदर कौर, रितु दहिया, निधि गुप्ता, आरती सलूजा, समीक्षा सेठी, स्वाती गोयल, विनोद खंडेलवाल, कुसुम रेधु, शालू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित हुए। सभी अतिथियों ने महिलाओं के अथक प्रयासों की हार्दिक सराहना की तथा यूथ वीरांगनाए संस्था के महिला सशक्तिकरण अभियानों को सामाजिक विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया। प्रधानाचार्या रेखा शर्मा ने कहा, “ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” पार्षद अंजलि शर्मा ने भविष्य में स्थानीय प्रशासन से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, जबकि डॉ. तनुजा वर्मा ने संस्था के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का सुझाव दिया। यह समारोह न केवल महिलाओं के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक बना, बल्कि समुदाय में कौशल विकास और स्वरोजगार की प्रेरणा का संचार भी कर गया। यूथ वीरांगनाए संस्था की अध्यक्षा बृज बाला ने घोषणा की कि आगामी वर्षों में ऐसे और अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें डिजिटल स्किल्स और उद्यमिता प्रशिक्षण भी शामिल होंगे। इस अवसर पर यूथ वीरांगनाएं संस्था की सदस्य श्रीमती सरोज महेंद्रू, नीलम, अमरदीप, सिमरो , सोनिया रंधान, बृज बाला, ज्योति सैनी, कोमल अरोड़ा, प्रियंका, प्रिया सैनी, अभी, नेहा कथूरिया, श्वेता, अंशा, सिमरन, मीनू ढींगरा आदि मौजूद रहे।

Comments