जिले में कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी रोकने को विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय
शादी समारोहों के लिए गैस सप्लाई हेतु एक सप्ताह पहले आवेदन जरूरी
नोडल अधिकारी नियुक्त, निरीक्षक टीम गठित, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
BOL PANIPAT , 28 मार्च। जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस तथा पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनाधिकृत उपयोग पर सख्ती बरतते हुए कड़े कदम उठाए हैं। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के निर्देशानुसार आमजन की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी श्याम लाल को इस अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही कंट्रोल रूम नंबर 114 (फोन: 0180-2653850) पर निरीक्षक एवं उप-निरीक्षक की टीम तैनात की गई है, जो किसी भी शिकायत या सूचना पर तुरंत कार्रवाई करेगी।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने स्पष्ट कहा कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी गैस या पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिले तो तुरंत कंट्रोल रूम पर सूचित करें।
इसके साथ ही प्रशासन ने शादी समारोहों के लिए एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डीएफएससी दिव्या ने बताया कि संबंधित आयोजकों को कम से कम एक सप्ताह पहले आवेदन देना अनिवार्य होगा, ताकि समय पर गैस सप्लाई उपलब्ध करवाई जा सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त महोदय विरेंदर कुमार दहिया ने भरोसा दिलाया है कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई सुचारू रूप से जारी रहेगी।

Comments