युवक को बाइक से खींचकर लाठी-डंडों से पीटने और जातिसूचक गालियां देने के तीन आरोपी गिरफ्तार
वारदात में प्रयुक्त कार और तीन डंडे बरामद, पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया
BOL PANIPAT, 13 सितंबर : थाना मतलौडा पुलिस ने मतलौडा बस अड्डे पर बाइक सवार युवक को बाइक से खींचकर लाठी-डंडों से हमला कर चोट मारने और जाति सूचक गालियां देने के मामले में शनिवार शाम को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने फरार दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह तीनों और फरार उनके दोनों साथी आरोपी दोस्त है। उन सभी ने मिलकर रंजिशन उक्त वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कार और तीन डंडे बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उप पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि थाना मतलौडा में मतलौडा निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 6 सितंबर को शाम करीब 6 बजे घर का सामान लेने के लिए दोस्तों के साथ बाइक पर बैठकर अड्डे पर गया था। बस अड्डे पर पहले से मौजूद विवेक उर्फ काला, अमन पंडित, शहनवाज मोबिन, अमन व इनके तीन/चार अन्य साथियों ने मिलकर उसको बाइक से नीचे खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने जाति सूचक गालियां देते हुए उसे लाठी, डंडों से मारना पीटना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने अपने आप को हॉस्पिटल में पाया। आरोपी बदमाश किस्म के लड़के है। थाना मतलौडा में युवक की शिकायत पर मारपीट सहित एससी/एसटी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments