जिला के 35 गांव पायलट प्रोजेक्ट के तहत मूलभूत सुविधाओं से किए जाएंगे लैस
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इन गांवों के स्कूल, लाइब्रेरी, ग्राम सचिवाल, फिरनी, तालाब, शिवधाम इत्यादि को दुरुस्त करने का उठाया बीड़ा।
आगामी बैठक में सारा डाटा इकठ्ठा कर इन गांवों के कायाकल्प के लिए किए जाएंगे प्रयास।
हर गांव का बजट प्लान तैयार करेंगे बीडीपीओज: मनोहर लाल।
BOL PANIPAT : 30 अप्रैल– । केंद्रीय ऊर्जा आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को जिला सचिवालय पानीपत के सभागार में गांव में मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाने को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिया। केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल ने कहा कि गांव के विकास को लेकर मुख्यालय स्तर पर जो भी फाइल विकास कार्यों को लेकर भेजी जाए उसकी क्लीयरेंस एक सप्ताह में अवश्य कर दें। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों में निदेशालय स्तर से गांव के बजट का पूरा डाटा संबंधित अधिकारियों के पास जिला में भेज दिया जाए, यही नहीं संबंधित बीडीपीओ 31 मई तक हर गांव का बजट का डेटा बनाकर मुख्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि हर गांव के लिए कितना बजट प्राप्त हुआ कितना मांगा गया था, कितना खर्च किया जाना था और कितना खर्च किया गया है। यह सारी डिटेल आगामी बैठक से पहले तैयार कर ले ताकि आगामी बैठक में इन कार्यों पर विचार विमर्श किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला के गांव आसन कलां, बराना, डेरा सिकलीगढ़, बापौली, चुलकाना, नौल्था, नौल्था डूंगरान, मतलौडा, खोतपुरा, बबैल, दीवाना, छोटी राजापुर, शिमला मुलाना, उरलाना कला, शोधापुर, सूताना, आदियाना, कवी, सिथाना, उझा, फरीदपुर, जलमाना, जलालपुर-1, नारायना, खोजकीपुर, उग्राखेड़ी, पट्टी कलियाना, भोड़वाल माजरी, काबडी, बिंझौल, कुराना, राजा खेड़ी और मोहाली गांव का पहले चरण में ग्राम सचिवालय, पार्क, व्यायामशाला, शिवधाम, स्कूलों के रास्ते और चारदीवारी, शौचालय, कमरे, बेंच-डेस्क, गांव के तालाब, लाइब्रेरी, स्ट्रीट लाईट, फिरनी, सीवरेज के कार्य को सिरे चढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन-जिन गांवों में कार्य चल रहा है या पूरा हो चुका है, जहां भूमि उपलब्ध नहीं है या भूमि उपलब्ध है और कार्य शुरू नहीं हुआ है। इन सबका सारा डाटा इकठ्ठा किया जाए।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 35 गांवों के बाद जिला के 198 गांवों में इन सभी कार्यों को लेकर लिस्टिंग की जाएगी और जिला से लेकर मुख्यालय स्तर तक का विकास कार्य तैयार किया जाएगा। बैठक में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, आयुष विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, शिक्षा विभाग के निदेशक जितेंद्र दहिया, विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक अनीश यादव, डीसी डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया, सीईओ जिला परिषद डॉक्टर किरण सिंह के अलावा विभिन्न संबंधित विभागों के मुख्यालय स्तर और जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments