समाज कल्याण विभाग को 100 प्रतिशत दिव्यांगों की पैंशन घर पर जाकर बनानी चाहिए: सीईओ जिला परिषद नरेन्द्र पाल मलिक
-समाधान शिविर में पहुंची 69 समस्याएं मौके पर दिए समाधान के निर्देश
-आम जन को जल संचय को लेकर और जागरूक होने की आवश्यकता
-समाधान शिविर में पुलिस, क्रीड व पंचायती विभाग से संंबंधित आई समस्याएं
BOL PANIPAT , 6 दिसम्बर। हरियाणा सरकार की नई पहल के तहत आयोजित किये जा रहे जनता समाधान शिविर में शुक्रवार को जिला सचिवालय के सभागार में जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए जिला परिषद के सीईओ नरेन्द्र पाल मलिक ने कहा कि मानवता के नाते हमें उन दिव्यांग जनों की पैंशन अगर घर पर जाकर ही बनाये तो अच्छा हैं ताकि उन्हें यहां तक आने में जो असुविधा का सामना करना पड़ता है वो ना करना पड़े। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को इस पर संज्ञान लेने के लिए कहा।
समाधान शिविर में सीईओ ने कहा कि समाधान शिविर का आयोजन मुख्य रूप से जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए किया जा रहा है। इसमें आम जन किसी भी तरह की कोताही न बरते व 10 बजे से 12 बजे तक पूरा प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मौजूद रहता है। इस अवधि में वे अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते है।
ये समाधान शिविर जिले में उपमंडल स्तर पर भी लगाये जा रहे है। इनका एक ही लक्ष्य एक ही उददेश्य है। जनता की समस्याओं का तत्परता से समाधान करना व उन्हें समस्याओं के समाधान में आ रही परेशानियों को दूर करना। शिविर में 69 समस्याएं पहुंची जिनमें बहुत सी समस्याएं पुलिस विभाग से जुड़ी हुई थी व अनेकों समस्याएं ऐसी भी थी जिनका संबंध परिवार पहचान पत्र से संबंधित था।
जिला परिषद के सीईओ ने कहा कि जो जो समस्याएं समाधान शिविर में पहुंच रही है साथ ही साथ उनकी जांच भी की जा रही है व मुस्तैदी से उन पर अमल भी किया जा रहा है। सीईओ ने कहा कि हमें अपनी नैतिकता का भी परिचय देना चाहिए। पानी का दुरूपयोग नहीं करना चाहिए। पानी की एक एक बूंद की कीमत का हमें अहसास होना चाहिए। उन्होंने पानी का संचय करने का भी आम जन से आहवान किया।
शिकायतकर्ता प्रदीप वासी डाढ़ौला ने प्रशासन से बाहुबलियों द्वारा किये गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने की मांग की। इस पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी मनीष ने शीघ्र अतिक्रमण हटवाने का आश्वासन दिया। एक अन्य शिकायतकर्ता रमेश चंद विद्यासागर वासी शिमला गुजरान ने प्रशासन से अनुरोध किया कि मिल्क रिकार्डिंग में एक देसी गाय स्कीम के तहत पास हुई थी लेकिन अभी तक उनके खाते में पैसा नहीं डाला गया है। उन्होंने प्रशासन से संज्ञान का अनुरोध किया। पशु पालन विभाग के डॉ.अशोक लोहान ने बताया कि बजट आने के बाद प्राथमिकता के आधार पर उनके खाते में पैसा डाल दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता सरोज वासी मोहिदीनपुर थिराना ने प्रशासन से अनुरोध किया 2 साल पूर्व उनके पति का देहांत हुआ था लेकिन अभी तक उनकी विधवा पैंशन नहीं बन पाई है। जिसके कारण उन्हें आर्थिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से पैंशन बनवाने की गुहार लगाई। एक अन्य शिकायतकर्ता आत्माराम वासी न्यू दलबीर नगर ने प्रशासन से अनुरोध किया कि वह 100 प्रतिशत विकलांग है। लेकिन अभी तक उनकी पैंशन नहीं बन पाई है। कई चक्कर लगाने के बाद भी परिणाम शून्य है। सीईओ जिला परिषद ने उनकी समस्या पर संज्ञान लेते हुए तुरंत पैंशन बनवाने के निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिए।
इस मौके पर डीआरओ रणविजय सिंह सुल्तानिया, डीडीपीओ मनिष मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, नगर निगम के एससी पुनित कुमार, डीएफएससी नीतू, पशु चिकित्सक अशोक लोहान, खजाना अधिकारी हजारा सिंह, पब्लिक हैल्थ के एसडीओ राजेश, एलडीएम राजकुमार, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता प्रदीप, पुलिस विभाग के नॉडल अधिकारी सुरेश, संजीव शर्मा, आईटीआई प्रिंसीपल डॉ.कृष्ण, मतस्य विभाग अधिकारी मदन मोहन के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments