Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में नराकास की 53वीं बैठक का आयोजन

By LALIT SHARMA , in Business , at January 3, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), पानीपत की 53वीं बैठक का सफल आयोजन 31 दिसंबर 2025 को पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में किया गया। बैठक में नराकास से संबद्ध 40 सदस्य कार्यालयों के प्रमुख, राजभाषा अधिकारी तथा हिंदी कार्यभार देखने वाले अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स तथा अध्यक्ष, नराकास, पानीपत ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कुमार पाल शर्मा, संयुक्त निदेशक (कार्यान्वयन), क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, नई दिल्ली की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शरद अग्रवाल, मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, उत्तरी क्षेत्रीय पाइपलाइन्स, एच एस राय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), उत्तरी क्षेत्रीय पाइपलाइन्स, संजय कुमार, महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ), पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ इंडियन ऑयल द्वारा विकसित राजभाषा गीत के सामूहिक श्रवण से हुआ, जिसके उपरांत दीप प्रज्ज्वलन कर बैठक का विधिवत उद्घाटन किया गया। अध्यक्ष, नराकास द्वारा मुख्य अतिथि का शॉल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। तत्पश्चात सदस्य सचिव आशुतोष चंद्र झा, सहायक प्रबन्धक (हिन्दी), पीआरपीसी द्वारा अर्धवार्षिक हिंदी प्रगति से संबंधित पीपीटी प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया गया, जिसमें सदस्य कार्यालयों द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग की दिशा में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण की समीक्षा करते हुए मुख्य अतिथि कुमार पाल शर्मा ने राजभाषा कार्यान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु उपयोगी सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर नराकास हिंदी सूक्तियों से संबंधित पोस्टर का भी विमोचन किया गया।

बैठक के दौरान नराकास के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड में 8 दिसंबर 2025 को आयोजित हिंदी निबंध लेखन एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताएँ तथा भारत संचार निगम लिमिटेड में 29 दिसंबर 2025 को आयोजित ऑनलाइन हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शामिल रहीं । इसके अतिरिक्त, पानीपत रिफाइनरी में अगस्त से दिसंबर 2025 के दौरान आयोजित मासिक हिंदी प्रतियोगिताओं एवं हिंदी पखवाड़ा-2025 के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति उत्साह एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिला।

अर्धवार्षिक अवधि (जुलाई–दिसंबर 2025) में उत्कृष्ट हिंदी कार्यान्वयन के लिए राजभाषा शील्ड का वितरण भी किया गया। छोटे कार्यालय वर्ग में 1) हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, पानीपत को प्रथम पुरस्कार, 2) बुनकर सेवा केंद्र, पानीपत को द्वितीय पुरस्कार तथा 3) राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पानीपत को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया । बड़े कार्यालय वर्ग में 1) पी. एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, बिहोली, समालखा, पानीपत को प्रथम पुरस्कार, 2) पी. एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नौल्था, पानीपत को द्वितीय पुरस्कार तथा 3) संयुक्त आयकर आयुक्त (वी. यू.)–1(2), गुरुग्राम स्थित पानीपत को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन संदीप गोयल, मुख्य प्रबन्धक (कर्मचारी सेवाएँ) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी गणमान्य अतिथियों, सदस्य कार्यालयों एवं प्रतिभागियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Comments