किसानों को समर मूंग बीज पर दिया जा रहा 75 प्रतिशत अनुदान: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 5 अप्रैल। प्रदेशभर में सरकार द्वारा खरीफ सीजन-2023 में दालों को बढ़ावा देने के लिए एक लाख एकड़ के क्षेत्र में समर मूंग की खेती के लिए किसानों को हरियाणा बीज विकास निगम के बिक्री केंद्रों के माध्मय से बीज वितरित किया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार इच्छुक किसान समर मूंग का बीज प्राप्त करने के लिए 10 अप्रैल तक मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के साथ लिंक की गई कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की वैबसाइट पर पंजीकरण करवाएं।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि किसानों को समर मूंग के बीज की 25 प्रतिशत कीमत अदा करनी होगी तथा 75 प्रतिशत कीमत हरियाणा बीज विकास निगम द्वारा संबंधित कृषि उप-निदेशकों से ली जाएगी। सरकार के आदेशानुसार इस योजना की निगरानी उपायुक्त द्वारा की जाएगी। समर मूंग बीज प्राप्त करने के लिए विभाग की वैबसाइट पंजीकरण के लिए 10 अप्रैल तक खुली रहेगी। एक किसान 3 एकड़ के लिए केवल 30 किलोग्राम बीज खरीद सकता है। पंजीकरण के लिए किसान का पहचान पत्र, आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र अथवा किसान कार्ड अनिवार्य है।

Comments