डॉ. किरण मदान को उप-प्राचार्या के पद पर आसीन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत में आज राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ. किरण मदान को प्रबंधन समिति के महासचिव लक्ष्मी नारायण मिगलानी, प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह, डॉ. सुनीत शर्मा, डॉ. नीलम, डॉ. निधान सिंह, डॉ. अर्पणा गर्ग एवं सह-प्राध्यापिका कनक शर्मा द्वारा उप-प्राचार्या के पद पर आसीन किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।
प्रबंधन समिति के महासचिव लक्ष्मी नारायण मिगलानी ने कहा कि डॉ. किरण मदान को उपप्राचार्या का दायित्व सौंपना महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्हें विश्वास है कि डॉ. मदान अपनी योग्यता, अनुभव एवं कार्यनिष्ठा से इस दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगी और महाविद्यालय की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने बताया कि डॉ. किरण मदान का शैक्षणिक अनुभव एवं प्रशासनिक कार्यों के प्रति समर्पण महाविद्यालय के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके सहयोग से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियाँ और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होंगी तथा संस्थान निरंतर प्रगति करेगा।
उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने पद की गरिमा एवं जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगी। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, अनुशासन बनाए रखने तथा संस्थान की प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग से सभी सहायक प्राध्यापकगण खुशबू,राहुल कुमार, पूजा, कुलदीप शर्मा और रवि किरण द्वारा डॉ. किरण मदान को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। खुशी के इस अवसर पर केक काटकर प्रसन्नता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने उनके नए दायित्व के सफल निर्वहन की कामना की तथा महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास में उनके योगदान की अपेक्षा व्यक्त की।

Comments