पीआरपीसी में 75वें गणतंत्र दिवस समारोह का उत्साहपूर्ण एवं भव्यता के साथ आयोजन.
BOL PANIPAT : 26 जनवरी, 2024 ,पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में 75वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे जोश, उत्साह एवं शानदार ढंग के साथ किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि, एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी द्वारा ध्वजारोहण किया गया । केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, डीजीआर के सुरक्षा गार्ड व डीपीएस पानीपत रिफाइनरी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी गयी। कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा हितधारकों की सुविधा के लिए गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण जूम लिंक व यू ट्यूब के माध्यम से भी किया गया जिसमें 400 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी इस आयोजन में हिस्सा लिया ।

इससे पहले शुरुआत से ही पीआरपीसी के गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली के कार्यक्रम के साथ ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) किया गया था और इंडियन ऑयल के अध्यक्ष एस. एम. वैद्य के साथ मिलकर डहरिया ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात अध्यक्ष का संबोधन प्रसारित किया गया । इस अवसर पर पीआरपीसी के सभी मुख्य-महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ), ऑफिसर्स एसोसिएशन, कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों के सरपंच एवं गणमान्य लोग भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर तीन झांकी जोकि “त्राणाय सेवामहे”, अदम्य इंजीनियर एवं भारत की ऊर्जा को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर प्रदर्शित की गई थी।
इस सुअवसर पर अपने सम्बोधन में डहरिया ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि भारत का महान संविधान पूरे देश में धर्म, क्षेत्र, पंथ और जाति की विभिन्नता के बावजूद अपने सभी नागरिकों के लिए समान न्याय, समानता, सुरक्षा एवं स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है; और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा रचित इस महान संविधान को हमारे राष्ट्र की आत्मा माना जाता है। उन्होने विश्वास दिलाया कि टीम पीआरपीसी इंडियन ऑयल के अध्यक्ष एस. एम. वैद्य के आज के आह्वान “देश के विकास में मानवता की सेवा और राष्ट्र-प्रथम की भावना के साथ कार्य” को सर्वोपरि मानते हुए भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करेगी और देश का सर्वांगीण विकास में अपना पूरा योगदान करती रहेगी ।

डहरिया ने टीम पीआरपीसी को वर्ष – 2023 में बहुत सी प्रतिष्ठित उपलब्धियों हासिल करने के लिए टीम की सराहना की एवं बधाई दी । उन्होने कहा कि इन सभी उपलब्धियों से हमें आत्मसंतुष्ट नहीं होना बल्कि और अधिक बेहतर प्रयास करना है ताकि हम आने वाले वर्ष की चुनौतियों का सामना और भी बेहतर व उत्कृष्ट ढंग से कर सकें । उन्होने आगे कहा कि उन्हे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि पीआरपीसी हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करके इंडियन ऑयल के मिशन 2046 तक नेट जीरो के लक्ष्य को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
गणतंत्र दिवस के इस शुभ अवसर आसपास के सभी सरपंचों, भूतपूर्व सरपंचों व प्रबुद्धजनों का विशेष रूप से अभिनंदन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इससे पहले डीपीएस के बच्चों ने राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत होकर रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। सीआईएसएफ के जवानों ने स्वयं व डॉग शो के माध्यम से कई साहसी करतब दिखाए। सभी का धन्यवाद करते हुए 75वें गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।

Comments