9050891508 अचूक शस्त्र- इस पर दें नशे के व्यापारियों की गुप्त सूचनाएं
एडीजीपी श्रीकांत जाधव के दिशानिर्देशों एवं मार्गदर्शन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विभिन्न चार विद्यालयों में अलग अलग जागरूकता कार्यक्रम कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने को किया जागरूक
BOL PANIPAT : हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो प्रमुख, प्रयास इंडिया के संस्थापक एवं अम्बाला मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव भारतीय पुलिस सेवा के दिशानिर्देशों एवं मार्गदर्शन में पानीपत ज़िले में अलग अलग विभिन्न चार स्थानों पर नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करा उनसे शपथ ली गई। जागरूकता कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा अपने सहयोगी सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार के साथ मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से परिचित करा उन्हें नशे से दूर रहने का सन्देश दिया। सबसे पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पसीना खुर्द में 15वां जागरूकता कार्यक्रम किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झटी पुर में 16वां, मछरौली में 17वां और करहंस के विद्यालय में 18वां एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। चारों विद्यालयों में अलग अलग से जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से विस्तारपूर्वक बताया और सचेत करते हुए कहा कि जो वस्तु हमे माता पिता ने खाने को नहीं दी और जिससे वे दूर रहने के लिए कहते हैं वे हमारे जीवन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी माता पिता अपनी संतान का बुरा नहीं चाहती। यही कारण है कि हमे उन द्वारा दिए गए परामर्श को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा एक बहुत ही कठोर अधिनियम बनाया है जिसके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित नशों का सेवन नहीं करेगा, न रखेगा, न तस्करी करेगा और न ही ऐसे कार्यों में किसी भी व्यक्ति की सहायता करेगा।

नशे से दूर रहकर ही व्यक्ति अपने जीवन का विकास कर सकता है और यदि एक बार नशे की चंगुल में फंस जाता है तो इससे बाहर निकलना बहुत कठिन हो जाता है क्योंकि यह नशा उसके रक्त में समाहित होकर उस व्यक्ति को उसका आदि बना देता है। व्यक्ति नशा छोड़ना चाहता है लेकिन नशा उसे नहीं छोड़ता। इसीलिए ब्यूरो प्रमुख श्रीकांत जाधव के दिशानिर्देशों से प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहने के लिए नियमित जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस विषय पर खुलकर परिचर्चा करते हुए ब्यूरो द्वारा जारी रामबाण रुपी टोलफ्री नंबर 9050891508 पर गुप्त सूचनाएं देने के लिए प्रेरित किया और कहा कि नशा छोड़ने वाले भी इस पर सम्पर्क कर सकते हैं और लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में असंख्य युवाओं को निशुल्क नशा मुक्ति केंद्र में रखा गया और उनका उपचार किया गया है। उन्होंने कहा नशे के व्यापार में संलिप्त किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ा जाएगा। उनके लिए चेतावनी है कि वे समय रहते सुधर जाएँ अन्यथा कठोर परिणाम के लिए तैयार रहें। सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जीवन में नशा न करने का वचन दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रांगण में एक पौधा प्रयास के नाम रोपित किया गया जिसमे विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अलग अलग कार्यक्रमों में पसीना खुर्द विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण दत्त शर्मा, झट्टीपुर के प्राचार्य प्रमोद शर्मा, मछरौली के प्राचार्या सरला मलिक और करहंस की प्राचार्य रेखा शर्मा और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Comments