Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


गोल गप्पे बेचने वाले अश्वनी (17) की हत्या का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 27, 2026 Tags: , , , , ,

-मोबाइल व पैसे छीनने का विरोध करने पर चाकू से वार कर की थी हत्या, वारदात में प्रयुक्त चाकू, छीना गया मोबाइल व 800 रूपए बरामद

BOL PANIPAT , 27 : सीआईए टू पुलिस टीम ने गोल गप्पे बेचने वाले अश्वनी (17) की हत्या के तीसरे आरोपी को वीरवार देर शाम को कुटानी रोड पर गैस एजेंसी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हनुमान कॉलोनी निवासी गौरव के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों डाबर कॉलोनी निवासी केशव व राजेश के साथ मिलकर अश्वनी की हत्या करना स्वीकारा। आरोपियों ने मोबाइल व पैसे छीनने का विरोध करने पर चाकू से वार कर हत्या की थी।

प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने हत्या की उक्त वारदात का बीते मंगलवार को पर्दाफास कर आरोपी राजेश व केशव को गिरफ्तार किया था। जो संगे भाई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हनुमान कॉलोनी निवासी अपने साथी गौरव के साथ मिलकर अश्वनी की हत्या करना स्वीकारा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था वह और फरार उनका साथी गौरव नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन तीनों ने मिलकर मोबाइल व पैसे छीनने की साजिश रची। शनिवार शाम को कुटानी रोड पर गंदा नाला के पास एक गोल गप्पे की रेहड़ी पर गए। गोल गप्पे खाते समय गौरव ने रेहड़ी वाले की जेब से मोबाइल व 3200 रूपए निकाल लिए। रेहड़ी वाले (अश्वनी) ने मोबाइल व पैसे छीनने का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से वार कर दिए और मौके से फरार हो गए।

प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि आरोपियों ने छीनी गई नकदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 800 रूपए, मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में प्रयक्त चाकू बरामद कर शुक्रवार को आरोपी केशव व राजेश को रिमांड अवधी पूरी होने पर व आरोपी गौरव को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

यह है मामला:
थाना किला में नंदकिशोर पुत्र तुलाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मूलरूप से यूपी के जालौन जिले के गांव रायपुर का रहने वाला है और हाल में पानीपत में बबैल रोड पर भारत नगर में किराये पर कमरा लेकर रहता है। वह गोल गप्पे की रेहड़ी लगाता है। उसका साला अश्वनी (17) मूलरूप से यूपी के कानपुर जिले के गांव दौलतपुर का रहने वाला है। वह हाल में कुटानी रोड़ पर जगदीश नगर में परिवार सहित रहता था। वह भी गोल गप्पे की रेहड़ी लगाता था। शनिवार शाम को उसे सूचना मिली कि अश्वनी को किसी ने चाकू मार दिया है। जिसको इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। सूचना पर वह अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने अश्वनी की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रैफर किया था। वह अश्वनी को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई लेकर जा रहे थे उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना किला में नंदकिशोर की शिकायत पर हत्या कि विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments