आजादी के पूर्व से राजभाषा संवर्धन की दिशा में कार्यरत संस्थाओ व प्रकाशन समूहों को मिलेगा सम्मान
भारत सरकार के राजभाषा विभाग व गृह मंत्रालय द्वारा मांगे गए है आवेदन
इच्छुक संस्थान सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के जिला कार्यालय में 10 मई तक भेजें आवेदन
BOL PANIPAT : 8 मई, आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में स्वतंत्रता प्राप्ति से पूर्व में राजभाषा हिंदी में कार्य कर रही राजभाषा सेवी संस्थाओं व प्रकाशन समूहों को राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। आज हिंदी भाषा का जन भाषा, संपर्क भाषा, राजभाषा और वैश्विक भाषा के रूप में निरंतर विस्तार हो रहा है इसमें राजभाषा सेवी संस्थाओं व प्रकाशन समूह का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कुलदीप बांगड़ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के राजभाषा विभाग व गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता संग्राम के समय से राष्ट्रीय एकता और अस्मिता का प्रभावी व शक्तिशाली माध्यम रही हिंदी भाषा यानी राजभाषा के संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही संस्थाओं व प्रकाशन समूहों को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रंखला के तहत सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
कुलदीप बांगड़ ने कहा कि इच्छुक संस्थाएं अपने आवेदन पानीपत के लघु सचिवालय के चतुर्थ तल पर स्थित सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के जिला कार्यालय कमरा नंबर 313 में 10 मई तक भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि तक प्राप्त आवेदनों को भारत सरकार के राजभाषा विभाग में भेजा जाएगा।। उन्होंने कहा कि उपरोक्त तारीख के बाद आने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन का प्रारूप
डीआईपीआरओ ने आवेदन के प्रारूप की जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन करने वाली संस्था व समूह को आवेदन पत्र में अपना नाम, वह कब से कार्यरत है, संस्थापक का नाम व उनकी जन्मतिथि, वर्तमान में संस्था प्रमुख का नाम, पदनाम, ईमेल, मोबाइल नंबर व पता साफ-सुथरे शब्दों में भरना होगा। उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाली संस्था अथवा समूह को आजादी के बाद व आजादी से पूर्व के अपने उल्लेखनीय कार्यों का तीन – तीन सौ शब्दों में विवरण भी देना होगा, साथ ही संस्था की वर्तमान शाखाओं की जानकारी भी आवेदन पत्र के प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने बताया कि राजभाषा विभाग द्वारा मिले निर्देशों के तहत आवेदक संस्था को आवेदन पत्र के साथ उसमे लिखित सभी जानकारियों से संबंधित दस्तावेज भी साथ संलग्न करने होंगे।

Comments