ज़िला शिक्षा अधिकारी ने पौधारोपण कर किया कार्यभार ग्रहण।
BOL PANIPAT : जिला शिक्षा अधिकारी पानीपत के पद पर नियुक्त कुलदीप दहिया ने डीईओ कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर कार्यभार ग्रहण किया। पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन जेबीटी अध्यापक हरिओम ने किया। डीईओ पानीपत कुलदीप दहिया ने बताया कि अपने कार्यभार ग्रहण के अवसर पर पौधारोपण कर अच्छा महसूस हो रहा है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हर इंसान को ख़ुशी के अवसर पर पौधा लगाना चाहिए ताकि पर्यावरण को हरा भरा बनाया जा सके। डीईईओ पानीपत बृजमोहन गोयल ने बताया कि तीस अप्रैल से रिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर प्राचार्य डाईट बीसवाँमील सोनीपत से कुलदीप दहिया ने कार्यभार ग्रहण किया है।
अब शिक्षा विभाग पानीपत को इनके अनुभव व कार्यशैली का लाभ मिलेगा। प्राचार्य सुभाष चंद्र ने बताया कि जेबीटी शिक्षक हरिओम निरंतर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करते रहते हैं। इन्होंने दो सौ से अधिक त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण बचाने का प्रयास किया है। राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित कला अध्यापक प्रदीप मलिक ने बताया कि डीईओ पानीपत कुलदीप दहिया के नेतृत्व में शिक्षा विभाग पानीपत नए आयाम को छुएगा। इनकी विशिष्ट कार्यशैली से शिक्षा, शिक्षार्थी व स्कूलों को लाभ मिलेगा। मलिक ने जेबीटी शिक्षक हरिओम के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्राचार्य सुरेंद्र कादियान, मिडल हैड शशि बाला, मुख्य शिक्षिका ज्योति चोपड़ा, जेबीटी अध्यापक सुनील देशवाल मौजूद रहे।

Comments