मशीनीकरण से खेती पर होगी किसानों की बल्ले-बल्ले
-पानी और पैसे की बचत के लिए मशीनीकरण अपनाएं किसानः डाॅ. वजीर
-40 से 50 प्रतिशत अनुदान पर दिए जाएंगे कृषि यंत्र
BOL PANIPAT , 09 जून। घटती जोत और बढ़ती लागत से आहत किसानों के लिए सरकार की मशीनीकरण योजना वरदान साबित हो सकती है। इस योजना के तहत सरकार द्वारा 40 से 50 प्रतिशत अनुदान पर विभिन्न प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे जिनकी मदद से खेती करने पर न केवल जीवनदायक भूजल की 30 से 40 प्रतिशत तक बचत होगी, बल्कि मजदूर न मिलने और समय पर काम न होने की समस्या से भी किसानों को छुटकारा मिलेगा। जिला उपायुक्त सुशील सारवान के माध्यम से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पानीपत के उप कृषि निदेशक डाॅ. वजीर सिंह ने बताया कि प्रायः देखने में आया है कि किसानों की खेती की जमीन बढ़ती आबादी और औद्योगीकरण के कारण घटती जा रही है। इसके अतिरिक्त धान जैसी फसलों के लिए भूजल के दोहन के कारण पीने के पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। ऐसे में किसानों को जागरूक होने की बहुत आवश्यकता है। किसानों पर न केवल अपने उत्पादन को बनाए रखने का दबाव है, बल्कि भूजल को बचाने और कम लागत में उन्नत खेती करके अपनी आमदनी बढ़ाने की भी जिम्मेदारी है। इसलिए किसानों को इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही मशीनीकरण योजना के तहत अनुदान पर दी जाने वाली मशीनों की मदद लेकर खेती करनी चाहिए।
मशीनीकरण से ये होंगे खेती में लाभ
डाॅ. वजीर सिंह ने बताया कि मशीनीकरण के तहत दिए जाने वाले कृषि यंत्रों के माध्यम से धान की सीधी बिजाई के बाद अन्य फसल की पैदावार में बढ़ोतरी होती है। भूजल की 30 से 40 प्रतिशत बचत होती है फसल की की पैदावार अच्छी होती है और जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ती है, खरपतवार भी कम होता हैं। इसके अलावा मजदूरी की समस्या का समाधान होता है और किसान का कार्य समय पर पूर्ण होता है।
जिले के 170 किसानों के आवेदन हुए मंजूर
मशीनीकरण स्कीम 2022-23 के तहत जिला पानीपत के जिन 170 किसानों ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा की वेबसाइट पर आवेदन किया था, उन सभी के आवेदन को जिला स्तरीय कमेटी में माननीय उपायुक्त श्री सुशील सारवान द्वारा मान्य कर लिया गया है। यह जानकारी देते हुए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पानीपत के उप निदेशक डाॅ. वजीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए अनेक महत्वकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी के तहत किसानों की खेती को सुविधामय बनाने और समय पर कार्य निपटान के मद्देनजर सरकार द्वारा मशीनकरण स्कीम के तहत धान बिजाई मशीन के लिए 18, ट्रेक्टर चालित स्प्रे पंप के लिए 19, पावर टिलर के लिए 6, पावर विडर (स्वचालित व ट्रैक्टर चालित) के लिए 114 तथा मेटिक प्लांटर (मक्का, जौ, गेहूं बिजाई मशीन) के लिए 13 आवेदन प्राप्त हुए थे। उन्होंने बताया कि इन कृषि यंत्रों के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की कापी, वैध ट्रैक्टर की आर.सी., जमीन संबंधी पटवारी की रिपोर्ट, मेरी फसल मेरा ब्यौरा का स्वयं घोषणा पत्र, आवेदन की रसीद, परिवार पहचान पत्र, आवेदन फार्म की प्रति 13 जून 2022 (सोमवार) सायं 4 बजे तक सहायक कृषि अभियंता नजदीक अनाज मंडी कार्यालय में जमा करवाएं।

Comments