समालखा नगर पालिका चुनाव : कल होगी मतगणना
BOL PANIPAT : 21 जून। मतगणना के दौरान किसी भी ऐजेंट को मोबाइल फ़ोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस,पेन कागज इत्यादि कुछ भी ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रात: 6 बजे सभी पोलिंग पार्टियों के एजेंट मतगणना केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। यह बात डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने मंगलवार को मतगणना के लिए ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि एजेंट मतगणना के दौरान जल्दबाजी ना करें। चुनाव आयोग द्वारा जो भी प्रक्रिया निर्धारित की गयी है, उसे पूरा करें। रिजल्ट शीट तैयार करते समय उसको दोबारा चेक भी कर लें।
उपायुक्त सुशील सारवान ने एसपी शशांक कुमार सावन के साथ मिलकर मतगणना केंद्र का दौरा भी किया। मतगणना केंद्र के समीप ही मीडिया के बैठने की व्यवस्था की गई है, जहां से वे सूचना भेजने का कार्य कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि आमजन को परिणाम की जानकारी देने के लिए मतगणना केंद्र के बाहर ध्वनि प्रसारण की व्यवस्था की गई है जहाँ से आम नागरिक को प्रत्येक राउंड की मतगणना की जानकारी दी जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अश्वनी मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना केंद्र के अंदर कोई भी अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर पाएगा। ड्यूटी देने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के साथ साथ एजेंट के लिए भी परिचय पत्र जारी किए गए हैं जिनके माध्यम से वे निर्धारित स्थान पर जा सकेंगे। इस मौके पर डीएसपी प्रदीप कुमार, तहसीलदार सुमनलता, नायब तहसीलदार राहुल राठी, एसएचओ नरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।

Comments