रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचा सकता है: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
लाला जगत नारायण की स्मृति में रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 70 रक्तदाताओं ने किया महादान
लाला जगत नारायण के आदर्शों को आत्मसात कर समाजसेवा के लिए आगे आएं: हरपाल ढांडा
रक्तदान के प्रति युवाओं में जागरूकता पैदा करना समय की सबसे बड़ी जरूरत: एसडीएम मनदीप कुमार
शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना: सुरजीत खरब
BOL PANIPAT , 7 सितंबर। अमर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को पंजाब केसरी पानीपत कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 70 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान रक्तदाताओं में समाजसेवा और मानवता की सेवा का विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, एसडीएम मनदीप कुमार, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पहुंचकर लाला जगत नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और हरपाल ढांडा ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका अभिनंदन किया तथा समाजहित में किए गए उनके योगदान की सराहना की।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का महान संकल्प है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरत के समय किसी मां, बहन, भाई, बच्चे या बुजुर्ग के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान मानवता के प्रति सच्ची संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को विशेष रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि उनका उत्साह और सेवा भाव समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर किसी प्रकार का भय या भ्रम नहीं होना चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान पूरी तरह समाजसेवा की भावना से जुड़ा पुनीत कार्य है।
हरपाल ढांडा ने कहा कि लाला जगत नारायण ने अपने जीवन में देश, समाज और राष्ट्र की एकता के लिए अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया। उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर उनके सेवा और त्याग के आदर्शों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि लाला जगत नारायण के विचार आज भी समाज को राष्ट्रहित और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। हमें उनके आदर्शों को केवल स्मरण ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारकर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर पंजाब केसरी के मैनेजर सुरजीत खरब ने कहा कि लाला जगत नारायण की स्मृति में प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इस बार भी उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर मंडल स्तर पर विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना है। रक्तदान शिविर के आयोजन में जिला रेडक्रॉस सोसायटी पानीपत का विशेष योगदान रहा। रेडक्रॉस के सहयोग से रक्त संग्रहण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं ने भी लाला जगत नारायण के त्याग और बलिदान को याद करते हुए मानवता की सेवा के इस अभियान में भाग लेने पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, पंजाब केसरी के प्रतिनिधियों, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लाला जगत नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा उपायुक्त डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ, एसडीएम मनदीप कुमार, ईटीओ योगेश भारद्वाज व अन्य का स्मृति चिन्ह देखकर स्वागत अभिनंदन किया गया। इस मौके पर ईटीओ योगेश भारद्वाज, विकास शर्मा,चार्टर्ड एकाउंटें, डॉक्टर पूजा , राजपाल आदि मौजूद रहे।

Comments