बिल पास करवाने की एवज में रिश्वत ले रहा था जेई. विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथ दबोचा।
BOL PANIPAT : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के पानीपत एक्सईएन कार्यालय में कार्यरत एक जूनियर इंजीनियर (JE) सुनील मेहला (32) को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी जेई एक ठेकेदार से बिल पास करवाने की एवज में 50 हजार की रिश्वत ले रहा था इस दौरान विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोचा। आरोपी के खिलाफ करनाल एसवीबी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समालखा कस्बे के गांव चुलकाना के रहने वाले ठेकेदार राजेश कुमार ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में कार्यरत जेई सुनील मेहला उससे लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। जेई ठेकेदार के द्वारा किए गए काम के बिल पास करवाने की एवज में यह रुपए मांग रहा था।
वह जेई को इंकार करता रहा , मगर रुपए न मिलने की वजह से उसके बिल पास नहीं किये जा रहे थे। तंग आकर उसने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को सुनील मेहला को 50 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

Comments