Sunday, April 19, 2026
Newspaper and Magzine


पीएम किसान सम्मान निधि योजना :ई-केवाईसी नहीं करवाई तो होगी किस्त बंद: डॉ. वजीर

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 25, 2022 Tags: , , , ,

कई खातों में एक ही मोबाइल नंबर देना पड़ रहा भारी.

ई-केवाईसी नहीं करवाई तो होगी किस्त बंद: डॉ. वजीर
किसानों को बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करवाने के लिए जागरूक करेगा विभाग

BOL PANIPAT , 25 अगस्त। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिन किसानों की ई-केवाईसी अपडेट नहीं हुई है, वे अगली किस्त से वंचित होंगे। ऐसा एक ही मोबाइल को एक से ज्यादा किसानों के आधार के साथ लिंक करने के कारण हुआ है। अब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा के महानिदेशक डॉ. हरदीप सिंह ने भी प्रदेश में विभाग के सभी अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे किसानों को जागरूक करें कि जिन किसानों की ई-केवाईसी अपडेट नहीं हुई है, वे जन सुविधा केंद्र से बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करवाएं ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।

उप कृषि निदेशक पानीपत डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई-केवाईसी अपडेट करवाने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास करके किसानों को जागरूक किया गया कि वे अपने बैंक खाते की ई-केवाईसी अवश्य करवाएं ताकि उन्हें किस्त मिल सके।

पानीपत में 67 फीसदी की ई-केवाईसी अपडेट

डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि जिले में 52895 किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पंजीकृत हैं, जिनमें से 35857 किसानों की ई-केवाईसी अपडेट हो चुकी, जो कि लगभग 67 प्रतिशत है। अब भी 33 प्रतिशत किसान ई-केवाईसी अपडेट करवाने से वंचित हैं। जबकि पूरे प्रदेश में 19.08 लाख किसान पंजीकृत हैं और लगभग 70 प्रतिशत किसानों की ई-केवाईसी अपडेट हो चुकी है। प्रदेश में लगभग 30 प्रतिशत किसानों की ई-केवाईसी अपडेट नहीं हो सकी है। इसका कारण एक ही मोबाइल को एक से ज्यादा किसानों के आधार से लिंक करवाने की बात सामने आई है। इसलिए विभाग द्वारा वंचित किसानों को जागरूक किया जा रहा है कि वे जन सुविधा केंद्र से बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करवा लें ताकि उन्हें किस्त मिल सके। इसके लिए विभाग के अधिकारी भी लगातार किसानों को जागरूक कर रहे हैं। किसान 31 अगस्त तक ई केवाईसी अपडेट करवा सकते हैं।

Comments