Sunday, April 19, 2026
Newspaper and Magzine


छात्राओं को साइबर अपराध व इससे सतर्क रहने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों बारे जानकारी देकर जागरूक किया.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 9, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 09 सितम्बर 2022, विशेष जागरूकता अभियान के तहत जिला पुलिस ने आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में छात्राओं को साइबर अपराध व इससे सतर्क रहने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों बारे जानकारी देकर जागरूक किया.

पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन (आईपीएस) के मार्गदर्शन में साइबर सेल व थाना शहर पुलिस की टीम ने विशेष जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में छात्राओं को साइबर अपराध व इससे सतर्क रहने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों बारे जानकारी देकर जागरूक किया। आज के समय साइबर अपराध चरम पर है, आए दिन नए-नए तरीकों से लोगों को ठगा जा रहा है। इन्हें रोकने के लिए जागरूक होने की जरूरत है। सभी को समझना होगा कि साइबर अपराध करने वाले लोग बड़े ही चालाक किस्म के हैं जिनसे बचना होगा। इसके लिए बड़े सोशल प्लेटफॉर्म को सावधानी और सतर्कता के साथ प्रयोग करना जरूरी है। आज जिस तरह से अपराधियों के द्वारा साइबर अपराध को अपराध का एक सशक्त माध्यम बनाकर प्रयोग किया जा रहा है। उससे बचने के लिए छात्राओं को स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी जागरूक करना होगा।

साइबर सेल में तैनात साइबर क्राइम के जानकार सिपाही हन्नी ने इस दौरान छात्राओं को फेसबुक हैकिंग, बारकोड के माध्यम से होने वाले फ्रॉड, व्हाट्सएप हैकिंग से बचाव, फर्जी वेबसाइट से होने वाले फ्रॉड के संबंध में सावधानियां बरतने की सलाह दी। फेसबुक, इंस्ट्राग्राम, व्हाट्सएप आदि सोशल साइट्स से हनी ट्रैप के संबंध में छात्राओं को जागरूक रहने के लिए कहा गया। सिम कार्ड के माध्यम से, एटीएम कार्ड बदलकर, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड के माध्यम से, बायोमैट्रिक, क्यूआर कोड स्कैन, सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति से दोस्ती, फर्जी कॉल, अनजान व्हाट्सएप वीडियो कॉल, ऑनलाइन लोन देने वाले ऐप, सोशल मीडिया पर रुपयों की मांग करने वालों से, गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करने बारे व यूपीआई संबंधी फ्राड के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया ।

किसी भी सूरत में पासवर्ड सरल ना बनाएं। हमेशा एक मजबूत पासवर्ड होना चाहिए। अपने लैपटॉप व कम्प्यूटर को हमेशा पासवर्ड लगा कर रखना चाहिए। इस तरह की सावधानियां अपना कर हम सम्भावित साइबर अपराध होने से बच सकते हैं। साइबर फ्रॉड या साइबर अपराध होने की स्थिति में साइबर क्राइम राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या ऑनलाइन पोर्टल (https://cybercrime.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा साइबर अपराध थाना पानीपत या नजदीक पुलिस स्टेशन में साइबर हेल्प डेस्क पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है तथा साइबर अपराध के बारे में सहायता ली जा सकती है।
इस दौरान स्कूल की प्रिंसिपल मीनाक्षी आरोड़ा व स्कूल का स्टाफ भी मौजूद रहा।

Comments