विश्व संवाद केंद्र व सिने फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा फिल्म महोत्सव का आयोजन . हरियाणा फिल्म महोत्सव 2023 का पोस्टर जारी हुआ
BOL PANIPAT : जींद, 1 नवंबर : विश्व संवाद केंद्र हरियाणा तथा सिने फाउंडेशन हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में हरियाणा फिल्म महोत्सव 2023 का आयोजन होने जा रहा है। विश्व संवाद केंद्र हरियाणा के अध्यक्ष डॉ. माकंर्डेय आहूजा और सचिव राजेश कुमार ने फिल्म महोत्सव का पहला पोस्टर जारी किया। इस फिल्म महोत्सव का आयोजन 4-5 फरवरी 2023 को हिसार में किया जाएगा। विश्व संवाद केंद्र हरियाणा के सचिव राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस फिल्म महोत्सव में शार्ट फिल्मों की प्रोफेशनल तथा नॉन प्रोफेशनल श्रेणी तथा डॉक्यूमेंट्री की प्रोफेशनल श्रेणी में प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी। फिल्म प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2022 होगी। सभी श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में आकर्षक राशि, स्मृति चिन्ह तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। फिल्म निर्माण के लिए गौरवशाली हरियाणा, हरियाणा की कला, संस्कृति और परंपराएं, देश सेवा और बलिदान हरियाणा के संदर्भ में, हरि की भूमि हरियाणा, स्वतंत्रता संग्राम और आंदोलन में हरियाणा की भूमिका, हरित प्रदेश प्रदूषण मुक्त हरियाणा, वोकल फॉर लोकल हरियाणा के संदर्भ में, हरियाणा की सशक्त नारी, खेलों में हरियाणा, हरियाणा रिश्तों की धरोहर, हरियाणा की रचनात्मक प्रतिभा और कार्य, आधुनिक और उन्नत हरियाणा, ऐतिहासिक हरियाणा, दुनिया में हरियाणा जैसे कुल 14 विषय निर्धारित किए गए जिन पर बनी फिल्में ही प्रतियोगिता में सम्मिलित की जाएंगी। विश्व संवाद केंद्र हरियाणा के अध्यक्ष डॉ. माकंर्डेय आहूजा ने कहा कि हरियाणा में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में असीमित अवसर हैं और राज्य सरकार भी इस क्षेत्र में प्रोत्साहन के लिए कार्य कर रही है। हरियाणा के कलाकारों, लेखकों ने इस क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निरंतर सिद्ध किया है। नए फिल्मकारों के प्रोत्साहन तथा उनको एक बड़े कैनवास पर एकत्रित लाने के उद्देश्य से विश्व संवाद केंद्र ने हरियाणा फिल्म महोत्सव 2023 के आयोजन का दायित्व लिया है। इस फिल्म महोत्सव में निर्धारित विषयों पर बनी हरियाणवी अथवा हिंदी फिल्मों को ही स्वीकार किया जाएगा।

Comments