Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी में 74वें गणतंत्र दिवस समारोह का  उत्साहपूर्ण एवं शानदार आयोजन

By LALIT SHARMA , in Business , at January 28, 2023 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT :- 27 जनवरी, 2023, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में 74वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे जोश एवं उत्साह के साथ किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि, एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी द्वारा ध्वजारोहण किया गया । केंद्रीय ओद्यौगिक सुरक्षा बल, डीजीआर के सुरक्षा गार्ड व डीपीएस पानीपत रिफाइनरी की कुल आठ प्लाटून्स द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी। कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा हितधारकों की सुविधा के लिए गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण जूम लिंक व यू ट्यूब के माध्यम से भी  किया गया जिसमें  700 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन  लिंक के माध्यम से भी इस आयोजन में हिस्सा लिया ।

इससे पहले शुरूआत से ही पीआरपीसी के गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम को कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली के कार्यक्रम के साथ  ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) किया गया था और इंडियन ऑयल के अध्यक्ष श्री एस. एम. वैद्य के साथ मिलकर श्री डहरिया ने ध्वजारोहण किया।  इसके  पश्चात अध्यक्ष महोदय का संबोधन प्रसारित किया गया । इस अवसर पर पीआरपीसी के सभी मुख्य-महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ), ऑफिसर्स एसोसिएशन, कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों के नवनिर्वाचित  सरपंच  भी विशेष रूप  से उपस्थित थे। इस अवसर पर चार झांकी जोकि नेट जीरो, प्रोजेक्ट चीता, राइनो व हरित संकल्प को सुदृढ़ करने जैसे विषयों  पर प्रदर्शित की गई थी। 

इस सुअवसर पर अपने सम्बोधन में डहरिया ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि हमारे महान संविधान के कारण ही  भारत के सभी नागरिकों को धर्म, क्षेत्र, जाति और पंथ का भेदभाव किए बिना एक समान अधिकार  प्राप्त हैं और सभी नागरिक इसमें निहित कर्तव्यों का सम्मान करते हैं।  उन्होने सभी से अपील करते हुए कहा कि हमें हमेशा आपसी सद्भाव, बंधुत्व, देशभक्ति की भावना को राष्ट्रहित को बढ़ावा देने के लिए स्वयं को फिर से समर्पित करना चाहिए।  सभी के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण करना और अधिक समतामूलक और समृद्ध समाज का निर्माण करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए हम अपने राष्ट्र को मजबूत और अधिक एकजुट बनाने की दिशा में काम करने और सभी के लिए एक उज्जवल भविष्य बनाने का संकल्प लें।

डहरिया ने टीम पीआरपीसी को वर्ष – 2022 की कई प्रतिष्ठित उपलब्धियों हासिल करने के लिए टीम की सराहना की एवं बधाई दी ।  उन्होने कहा कि इन सभी उपलब्धियों से हमें आत्मसंतुष्ट नहीं होना बल्कि और अधिक बेहतर प्रयास करना है ताकि हम आने वाले वर्ष की चुनौतियों का सामना और भी बेहतर ढंग से कर सकें । उन्होने आगे कहा कि उन्हे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इंडियन ऑयल ने वर्ष 2023 को विषय ” सुदृढ़ हो हरित संकल्प ” अर्थात हरित भविष्य के लिए अनवरत प्रयास करते रहना के रूप में अपनाया है। अत: यहां यह उल्लेख करते हुए भी उन्हे प्रसन्नता हो रही है कि यह विषय हरित और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन के लिए इंडियन ऑयल के मिशन को पूरा करते हुए पीआरपीसी में भी हमारे साथ प्रतिध्वनित होता है। पीआरपीसी में, हम इस वर्ष अपने प्रतिष्ठित 2जी और 3जी एथेनॉल संयंत्रों के माध्यम से जैव-ईंधन का उत्पादन भी करेंगे जो हरित भविष्य की ओर ले जाने में इंडियन ऑयल के उद्देश्य को और सुदृढ़ करेगा।

Comments