Saturday, September 19, 2026
Newspaper and Magzine


बर्थडे पार्टी में युवक की गोली मारकर हत्या मामले में साक्ष्य नष्ट करने में आरोपी की मदद करने वाला आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at June 11, 2023 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 11 जून 2023 , हरि नगर में जैन चौक के पास बीते बुधवार की साय हरिनगर निवासी प्रोपर्टी डीलर विजय (22) की गोली मारकर हत्या मामले में आरोपी की साक्ष्य नष्ट करने में मदद करने वाले आरोपी को सीआईए टू टीम ने बीती देर सायँ गिरफ्तार किया।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने विजय की हत्या के मामले में आरोपी सुमित पुत्र जगदीश निवासी टिकरी बागपत यूपी हाल किरायेदार अशोक विहार कॉलोनी पानीपत को गत वीरवार को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सुमित ने अपने मामा के लड़के विजय(22) की गोली मारकर हत्या करने बारे स्वीकारा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह विजय व विजय के अन्य कई दोस्तों के साथ 7 जून की देर साय विजय के प्रापर्टी डीलर के ऑफिस में बैठकर विजय के जन्मदिन की पार्टी कर रहे थे। पार्टी में वह अवैध देसी पिस्टल साथ लेकर आया था जिससे उसने दो गोलियां हर्ष फायरिंग की थी। हर्ष फायरिंग के बाद उसकी विजय के साथ मामूली कहासुनी हो गई तो उसने देसी पिस्टल से विजय को पेट में एक गोली मार दी थी। विजय की मौत होने के बाद वह अवैध देसी पिस्टल सहित फरार हो गया था।
गहनता से पूछताछ करने के लिए पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया था जहा से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया था।

इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी सुमित ने बताया की उसने हत्या में प्रयोग की अवैध देसी पिस्टल की मैगजीन वारदात को अंजाम देने के बाद रास्ते में मिले अपने दोस्त अभय प्रताप पुत्र संजय निवासी नगरीया कला बरैली यूपी हाल हरिनगर पानीपत को नष्ट करने के लिए दे दी थी।
पुलिस टीम ने आरोपी सुमित की निशानदेही पर शनिवार देर साय आरोपी अभय को काबड़ी बाइपास से गिरफ्तार किया

इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी अभय ने बताया कि उसने आरोपी दोस्त सुमित से ली पिस्टल की मैगजीन दिल्ली पैरलल नहर में फैक दी। आरोपी सुमित के कब्जे से वारदात में प्रयोग की अवैध देसी पिस्टल बरामद कर पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी सुमित की रिमांड अवधी पूरी होने पर उसके साथ ही आरोपी अभय को माननीय न्यायायल में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

यह है मामला:

थाना पुराना औद्योगिक में हरिनगर निवासी सुरेश पुत्र धर्मपाल ने शिकायत देकर बताया था कि 7 जून की साय करीब 7:45 बजे उसके बड़े बेटे विक्रम के पास गंगाराम कॉलोनी निवासी कर्ण पुत्र अमरनाथ ने फोन कर बताया की जैन चौक के पास स्थित उसके छोटे भाई विजय के प्रापर्टी डीलर के ऑफिस में वह विजय, सुमित, निंजा, दीपू व एक अन्य लड़के के साथ विजय का जन्मदिन मना रहे थे। विजय की सुमित के साथ कहासुनी हो गई। सुमित ने तैश में आकर विजय को पेट में गोली मार दी। वह विजय को इलाज के लिए सिविल अस्पातल लेकर आए हुए है। सुचना मिलते ही वह बेटे विक्रम के साथ  सिविल अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरो ने उसके बेटे विजय को मृत घोषित कर दिया। सुमित ने विजय की गोली मारकर हत्या कर दी। सुरेश की शिकायत पर थाना पुराना औद्योगिक में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। 

Comments