Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


केचुआ उत्पादन तकनीक किसानों के लिए कारगर साबित हो सकती है: उपायुक्त

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 17, 2023 Tags: , , , , ,

तीन दिवसीय केंचुआ उत्पादन प्रशिक्षण में इच्छुक 19 जून को करें अपना पंजीकरण

प्रशिक्षण रहेगा नि:शुल्क

महिलाएं भी बन सकती है प्रशिक्षण का हिस्सा


BOL PANIPAT ,17 जून। उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि केचुआ उत्पादन तकनीक किसानों के लिए कारगर साबित हो सकती है। इसके लिए किसानों को धरातल पर प्रयास करने की जरूरत है। किसानों को फसल विविधीकरण अपना कर केंचुआ उत्पादन तकनीक पर ध्यान देना चाहिए। चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान द्वारा ‘केंचुआ उत्पादन तकनीक’ विषय पर 19 से 21 जून तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में  किसी भी वर्ग, आयु के इच्छुक महिला व पुरुष भाग ले सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि ‘केंचुआ उत्पादन तकनीक’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण में केंचुआ की विभिन्न प्रजातियों, इनसे खाद तैयार करने की आधुनिक तकनीक, रख-रखाव, जैविक व अजैविक समस्याएं और उनके निदान, पैंकिग, मार्केटिंग, आर्थिक विश्लेषण, सरकार द्वारा प्रदत सहायता इत्यादि पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण नि:शुल्क होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की केंचुआ खाद इकाई, केंचुआ खाद के प्रगतिशील उत्पादक की इकाई का भी भ्रमण करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में तीनों दिन भाग लेने वाले उम्मीदवारों को संस्थान की तरफ से प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। इच्छुक युवक व युवतियां पंजीकरण के लिए सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान में 19 जून को ही सुबह 8 बजे आकर अपना पंजीकरण करवाएं, जिसके बाद वे प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह संस्थान विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3, लुदास रोड पर स्थित है। यह प्रशिक्षण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। पंजीकरण के लिए प्रार्थी एक फोटो व आधार कार्ड की फोटोकॉपी साथ लेकर आएं।

Comments