अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी काबू. निशानदेही पर असला तस्कर को भी गिरफ्तार किया.
BOL PANIPAT :24 जुलाई 2023, सीआईए वन पुलिस टीम ने सनौली रोड शिव चौक पर यूपी निवासी एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर असला तस्कर को भी गिरफ्तार किया।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि उनकी टीम को रविवार देर शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक सनौली रोड पर शिव चौक के पास प्लास्टिक कट्टा लेकर कही जाने के लिए वाहन के इंतजार में खड़ा है। युवक के पास कट्टे में अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दे युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान शिवकुमार पुत्र हवासिंह निवासी तितरवाडा शामली यूपी के रूप में बताई। आरोपी के कट्टे की तलासी लेने पर एक अवैध देसी पिस्तौल मिला। पिस्तौल को खोलकर जांच की तो वह अनलोड मिला।
पुलिस टीम ने आरोपी शिवकुमार के खिलाफ थाना चांदनी बाग में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि उसने हथियार रखने का शौक पूरा करने के लिए उक्त देसी पिस्तौल करीब 2 साल पहले यूपी गाजियाबाद लोनी निवासी राजेंद्र से 5 हजार रुपए में खरीद कर लाया था।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी शिवकुमार की निशानदेही पर असला तस्कर आरोपी राजेंद्र को सेक्टर 13/17 में हेलीपैड के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी राजेंद्र ने यूपी से 3 हजार रुपए में उक्त देसी पिस्तौल खरीदकर शिवकुमार को 5 हजार रुपए में बेचने बारे स्वीकारा। पुलिस टीम ने सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी शिवकुमार को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया व आरोपी राजेंद्र को असला सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments