सीपीआर वैन को अतिरिक्त उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
BOL PANIPAT : 5 सितंबर। रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से चलाई गई सीपीआर वैन को अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा ने मंगलवार को लघु सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एडीसी वीना हुड्डा ने इस मौके पर लोगों से अपील की कि प्रदेश के राज्यपाल की पहल पर यह सीपीआर वैन चलाई गई है ताकि लोग मौके पर किसी ऐसे व्यक्ति को स्वास्थ्य लाभ दे सकें जो बेहोश हो,सांस नहीं ले पा रहा हो, उस दौरान सीपीआर की बहुत अहम भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में सडक़ दुर्घटनाओं के कारण असमय मौत हो रही हैं और कई बार सीपीआर देने से किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। कई बार मौके पर मेडिकल सहायता नहीं मिल पाती लेकिन अगर किसी को सीपीआर का ज्ञान है तो वह बेहोश व्यक्ति को सीपीआर दे सकता है। उन्होंने बताया कि यह सीपीआर वैन जिला में मंगलवार और बुधवार को विभिन्न स्थानों पर जाएगी। सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ विभिन्न स्कूल, कॉलेज व अन्य स्थान कवर किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह सीपीआर प्रशिक्षण के महत्व को गंभीरता से समझें और ज्यादा से ज्यादा इस बारे में जानकारी भी लें।
क्या है सीपीआर
सीपीआर (जीवन रक्षक तकनीक) किसी ऐसे व्यक्ति को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना जो बेहोश हो और सांस ले रहा हो इसे पुनर्जीवीकरण प्रदान करना कहा जाता है। सीपीआर के दौरान सीने पर दबाव डाला जाता है। यह हृदय की धडक़न रुकने जैसे आपातकालीन चिकित्सा घटनाओं में जीवन बचाने में मदद कर सकता है। सीपीआर करने से किसी भी व्यक्ति के जीवित रहने की संभावना बढ़ सकती है। यह कार्य स्थल दुर्घटनाओं, घटनाओं में हताहत लोगों की रक्षा कर सकता है। सीपीआर का प्रयास दिल की धडक़न और सांस बंद होने वाले पीडि़त व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकता है। इस मौके पर सिटी मैजिस्ट्रेट राजेश कुमार सोनी, सचिव रेडक्रॉस गौरव रामकरण भी उपस्थित रहे।

Comments