तहसीलों में आमजन से जुड़े कार्यों में तेजी लाएं राजस्व विभाग के अधिकारी- डीसी
– ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल, गिरदावरी, जमाबंदी आदि के कार्य को समय पर किया जाए पूरा
BOL PANIPAT , 7 सितंबर- डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तहसीलों में आमजन से जुड़े कार्यों में तेजी लाएं।
उन्होंने कहा कि तहसीलों में रजिस्ट्री, गिरदावरी, जमाबंदी व जाति प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। अधिकारी विशेषतौर पर यह ख्याल रखें कि आमजन को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने गिरदावरी व ततीमा के रिकॉर्ड को अपडेट करने के लिए निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल का कार्य तत्काल पूरा करें। इस कार्य में कतई देरी न बरती जाए।
डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिले की सभी तहसीलों में लंबित पड़े इंतकाल के कार्य को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश भी दिए हैं। जो भी कार्य सरल केंद्र के माध्यम से किए जाते हैं, उनका निपटान तत्काल किया जाना चाहिए।
आवेदन पत्रों को बिना विलंब करें जारी।
डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसीलों में जाति और आय प्रमाण पत्र के लिए जितने भी आवेदन आते हैं, उन्हें बिना विलम्ब के जारी करने की कोशिश करें ताकि आवेदनकर्ता को समय पर अपने प्रमाण पत्र उपलब्ध हो सकें।

Comments