देश तभी स्वच्छ बनेगा जब स्वच्छता में हर नागरिक की भागीदारी होगी: डॉ राकेश गर्ग
– एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के एनएसएस कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पर चलाई ‘स्वच्छता ही सेवा’ ड्राइव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जल शक्ति मंत्रलाय भारत सरकार के निर्देशानुसार मनाया जा रहा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा
BOL PANIPAT , 22 सितम्बर. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के एनएसएस कार्यकर्ताओं ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जल शक्ति मंत्रलाय भारत सरकार और उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत पानीपत रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता ड्राइव चलाकर लोगों और यात्रियों को जागरूक किया. प्रात: प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने एनएसएस कार्यकर्ताओं को हरी झंडी दिखाकर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया. उनके साथ कॉलेज में एनएसएस प्रभारी डॉ राकेश गर्ग, डॉ मुकेश पुनिया, डॉ एसके वर्मा मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं की अगुआई एनएसएस लीडर सौरभ ने की. स्टेशन पर कार्यकर्ताओं का स्वागत और मार्गदर्शन पानीपत स्टेशन अधीक्षक इंद्र पाल खोसला और मुख्य कार्यालय अधीक्षक प्रमोद राव गौतम ने की. विदित रहे कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े को मनाने का उद्देश्य भारतीय स्वच्छता लीग 2.0, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर और सामूहिक स्वच्छता अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से देश भर में करोड़ों नागरिकों की भागीदारी जुटाना और युवाओं में पर्यावरण बचाने एवं अपने आस-पड़ोस को स्वच्छ रखने की अलख जगाना है. युवा एनएसएस कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ प्लेटफार्म और इसके आस-पास के स्थानों साफ़-सफाई की बल्कि लोगों को पानी को खड़े पानी और गंदगी से फैलने वाली बिमारियों के बारे में भी अवगत किया. डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियाँ गंदगी से ही उपजती है. कार्यकर्ताओं ने रेलवे लाइन, पैदल पथ, पानी की टंकियों, आदि की भी अच्छी प्रकार से सफाई की.
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि बारिश के दिनों में हल्की सी लापरवाही कई खतरनाक बीमारियों को न्यौता देती है. स्टेशन और इसके आस-पास गंदगी के लगे ढेरों से उठने वाली बदबू और उस पर पनप रहे मक्खी-मच्छर कई बीमारियां फैलाते हैं. साफ़-साफाई का सारा दायित्व केवल सरकार पर नहीं बल्कि आम नागरिकों पर ज्यादा होता है. यदि जनता ही साफ़-सफाई को लेकर संवेदनशील और गंभीर नहीं है नगर पालिका और सरकार के अन्य विभाग कुछ नहीं कर सकते है. ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. एनएसएस कार्यकर्ताओं का आज का प्रयास तारीफ़ के काबिल है. स्वच्छता लीग स्वच्छ भारत मिशन के तहत युवा कार्रवाई के लिए उत्प्रेरक का कार्य करेगी.
डॉ राकेश गर्ग एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर ने कहा कि रेलवे स्टेशन और इसके आस-पास सफाई कर दिए जाने से जानवरों और मक्खी-मच्छर के छिपने एवं पनपने की जगह नहीं मिलेगी जिससे संक्रामक बीमारीयों के फैलने की आशंका भी दूर हो जाएगी. थार हुआ पानी जल्द कीचड़ का रूप ले लेता है जिसमे मलेरिया और डेंगू के मच्छर पनपते हैं और इनके काटने से लोग बीमार पड़ सकते हैं. इसीलिए आज की ड्राइव विशेष रूप से रेलवे स्टेशन पर चलाई गयी. इस पखवाड़े में कॉलेज के एनएसएस कार्यकर्त्ता जहां तक उनकी क्षमता है वहां पर जाकर साफ़-सफाई करेंगे और लोगों को जागरूक बनायेंगे.

Comments