‘पोस्टर बनाओ’ प्रतियोगिता में शीला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया
BOL PANIPAT : आई. बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हिन्दी व संस्कृत विभाग के सयुंक्त तत्त्वावधान में भारतीय भाषा दिवस 2023 की कड़ी में दिनांक 20 अक्तूबर, 2023 को ‘पोस्टर बनाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया | इस प्रतियोगिता के विषय “भारतस्य प्रतिष्ठा संस्कृत भाषा” व “हमारा अभियान, हमारी शान हिन्दी” रहे | इस प्रतियोगिता में 45 विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया | प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने सफल आयोजन पर आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है | विद्यार्थियों को बिना हार-जीत की भावना के पूर्ण उत्साह से ऐसी प्रतियोगिताओं में सम्भागिता करनी चाहिए ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त हो | कार्यक्रम की संयोजिका हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ. शशि प्रभा का कहना है कि भारतीय भाषा दिवस का उद्देश्य हिंदी में संस्कृत भाषा के महत्व को बढ़ावा देना है और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है | हिंदी विश्व में बोली जाने वाली प्रमुख भाषाओं में से एक है | विश्व की प्राचीन, समृद्ध और सरल भाषा होने के साथ-साथ हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा भी है | वह दुनिया में हमें सम्मान भी दिलाती है | संस्कृत विभागाध्यक्षा डॉ. अंजली का कहना है कि जितनी भी भारतीय भाषाएं हैं उन सब की जननी संस्कृत भाषा है | इसका व्याकरण में वर्णमाला सुस्पष्ट है | अतः इस भाषा को ग्रहण करने वाले छात्रों के लिए अन्य भाषा का अध्ययन करना सरल हो जाता है | इसलिए भारतीय गौरव की रक्षा के लिए इस भाषा का प्रचार-प्रसार करना हम सब का कर्तव्य है |
प्रतियोगिता में परिणाम इस प्रकार रहे |
प्रथम स्थान- शीला, बी. ए. तृतीय वर्ष
द्वितीय स्थान – रुकैया, बी.बी. ए. द्वितीय वर्ष
तृतीय स्थान – इश्मीत, बी.बी. ए. प्रथम वर्ष
सांत्वना पुरस्कार – श्रुति, बी. ए. प्रथम वर्ष
कॉलेज उपप्राचार्या प्रो. रंजना शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी एवं ट्राफी व सर्टिफिकेट्स प्रदान किये | निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. शशि प्रभा व डॉ. अंजलि ने निभाई | प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ. निर्मला, डॉ. पूजा व डॉ. रेखा ने अहम भूमिका निभाई | इस कार्यक्रम में डॉ. निधान सिंह, लेफ्टिनेंट राजेश कुमार, प्रो. सोनिया वर्मा आदि मौजूद रहे |

Comments