विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान के तहत कवर होंगे सभी वार्ड और गांव: एडीसी
BOL PANIPAT , 16 नवंबर। एडीसी वीना हुड्डा ने वीरवार को अपने कार्यालय में विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर अधिकारियों की बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान सरकार का फ्लैगशिप कार्यक्रम है, जनसहभागिता के साथ यह अभियान गांव से लेकर वार्ड स्तर पर चलाया जाएगा, सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से यह अभियान प्रभावी रहेगा, जिसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अभियान के लिए सभी विभाग नोडल अधिकारी नियुक्त करें ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य मकसद है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, इसके लिए इस अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ ले चुके लाभार्थियों को जोड़ा जाए।
एडीसी वीना हुड्डा ने कहा कि संकल्प यात्रा वैन के साथ करीब 45 दिन तक चलेगी और जिला की सभी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों को कवर करेगी। इस बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Comments