Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


जे.जे.एक्ट एवं पोक्सो एक्ट एवं बाल अधिकारों पर एक दिवसीय कार्यक्रम किया गया आयोजित

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 16, 2023 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT, 16 नवम्बर। वीरवार को हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग के द्वारा जिला पानीपत में एक दिवसीय कंसल्टेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा बाल संरक्षण आयोग की सदस्य मीना कुमारी एवं डॉ. मांगेराम रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग, डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड सभी बाल देखरेख केंद्र व वन स्टॉप सेंटर के द्वारा भी भाग लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि पुलिस को आप सब लोग अपना दोस्त समझे, पुलिस आप सब की सहायता के लिए है। उन्होंने कहा कि बच्चे पुलिस से घबराएं नहीं, जो भी बच्चा किसी गलत संगत में फंस जाता है या किसी के साथ कोई गलत होता है तो वह पुलिस के पास आए और अपनी समस्याओं को उनके साथ सांझा करे। पुलिस उनके साथ दोस्ताना व्यवहार करेगी और उनकी समस्या का समाधान करेगी।
हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य मीना कुमारी व मांगेराम द्वारा सभी विभागों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी विभाग को कोई समस्या है तो उसे आयोग को बताएं। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्यों ने सभी विभागों को साथ मिल कर काम करने के निर्देश दिए। उनके द्वारा बताया गया कि अच्छे देश का भविष्य बच्चे है, बच्चों को सही और गलत के बारे में बताना हम सभी का कर्तव्य है। आयोग के सदस्यों द्वारा शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि बच्चों को गुड टच बैड टच के बारे में प्रतिदिन जानकारी दें। कार्यक्रम के सहअतिथि डॉक्टर हितेश चंद शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान जे. जे. एक्ट, पोक्सो एक्ट पर विस्तार से बताया।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी परमिंदर कौर, जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता, शिव सहाय, अशोक कुमार, डॉक्टर मुकेश आर्य, हरिदास, मालती अरोड़ा इत्यादि भी उपस्थित रहे।

Comments